'एनिमल चल गई तो सब हिंसा करने लगे...', करीना कपूर ने बॉलीवुड की भेड़-चाल पर कसा तंज
बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस करीना कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'दायरा' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं. ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. बेबो आजकल फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में करीना ने बॉलीवुड की 'हर्ड मेंटैलिटी' (भेड़-चाल वाली सोच) पर खुलकर बात की. उन्होंने रणबीर कपूर की 'एनिमल' की सक्सेस का उदाहरण देते हुए फिल्म इंडस्ट्री पर तंज कसा.
'एनिमल चल गई तो सब हिंसा करने लगे'
'Yuvaa' के साथ एक कैंडिड टाउनहॉल बातचीत में करीना ने कहा कि अब दर्शक पहले से ज्यादा समझदार हो गए हैं और वो सिर्फ किसी फिल्म के स्टार्स या जॉनर को देखकर उसे देखने का फैसला नहीं करते. करीना कपूर ने कहा, 'हमारे दर्शक जितना हम सोचते हैं, उससे कहीं ज्यादा समझदार हैं. उन्हें पता है कि अच्छी फिल्म कौन सी है और वे उसे देखना चाहते हैं. आज बात सिर्फ एक यंग लव स्टोरी की नहीं है. ये सारी चीजें बहुत पुरानी हो चुकी हैं कि अभी हिंसा चल रही है.'
करीना कपूर ने क्या कहा?
करीना ने आगे कहा, 'हम हर्ड मेंटैलिटी हैं, क्या कहें? फिर ऐसे फिल्ममेकर्स भी हैं जो कुछ अलग करना चाहते हैं, जो आपके विचारों को झकझोरना चाहते हैं और जिनकी अपनी फैन फॉलोइंग है. मुझे लगता है कि अब चीजें बदल रही हैं. दर्शक अब ट्रेलर देखकर कहेंगे कि हमें ये फिल्म देखनी है.'
ये भी पढ़ें:- 80s Retro AI Trend: सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल से लेकर परिणीति-राघव तक, स्टार्स पर चढ़ा विंटेज खुमार
'हर फिल्म 200 या 500 करोड़ नहीं कमा सकती'
एक्ट्रेस कहती हैं, 'यंग ऑडियंस ऐसे सवाल पूछेगी जो आपको सोचने पर मजबूर करेंगे. अब फिल्ममेकर्स ये सोचकर फिल्म नहीं बना सकते कि ये कॉमेडी है, इसलिए लोग इसे जरूर देखेंगे. हर फिल्म 200 करोड़ या 500 करोड़ कमाने वाली नहीं है. मुझे लगता है कि हम इसे बदल रहे हैं और दर्शक इसमें हमारी मदद कर रहे हैं.'
'एनिमल' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया था तहलका
बता दें कि संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी 'एनिमल' साल 2023 में रिलीज हुई थी. फिल्म में रणबीर कपूर लीड रोल में नजर आए थे, जबकि अनिल कपूर ने उनके पिता का किरदार निभाया था. 'एनिमल' में रणबीर जबरदस्त एक्शन करते नजर आए. फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और इसने दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. फिल्म की सफलता के बाद इसके सीक्वल 'एनिमल पार्क' का भी ऐलान किया गया है.
'दायरा' में नजर आएंगी करीना कपूर
वर्क फ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही फिल्म 'दायरा' में नजर आएंगी. इस फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ये फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. करीना के साथ इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी लीड रोल में हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







