'मुझे पैसों की जरूरत है...', ब्रेन स्ट्रोक के बाद शादियों में डांस कर 2-4 लाख कमाते हैं राहुल रॉय

Sep 8, 2026 - 10:51
 0
'मुझे पैसों की जरूरत है...', ब्रेन स्ट्रोक के बाद शादियों में डांस कर 2-4 लाख कमाते हैं राहुल रॉय

90 के दशक की पॉपुलर फिल्म 'आशिकी' से रातों-रात स्टार बने एक्टर राहुल रॉय इन दिनों अपने करियर को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं. साल 2020 में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उनकी पूरी जिंदगी बदल गई. इसके बाद उन्हें लंबे समय तक काम से दूर रहना पड़ा और पैसों की दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा. अब एक्टर ने खुलासा किया है कि इस मुश्किल दौर में घर चलाने के लिए उन्होंने कई तरह के काम किए. यहां तक कि वो शादियों में डांस करके भी पैसे कमाते हैं.

शादियों में डांस कर लाखों कमाते हैं राहुल रॉय
राहुल रॉय ने बताया कि वो कभी-कभी शादियों और प्राइवेट फंक्शन्स में डांस करके 2 से 4 लाख रुपये तक कमा लेते हैं. इन परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया जाता है, लेकिन एक्टर का कहना है कि लोगों को उनकी मजबूरियों और मेहनत के बारे में पता नहीं है.

राहुल रॉय ने क्या कहा?
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में राहुल रॉय ने कहा, 'मेरे कुछ खर्चे हैं और मुझे पैसों की जरूरत है. 2020 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद काम मिलना मुश्किल हो गया था. उस वक्त से पांच साल हो चुके हैं और चीजों को चलाए रखने के लिए मैं जो कर सकता था, वो कर रहा था. कभी-कभी मैं शादियों में डांस करके 2 लाख या 4 लाख रुपये कमा लेता हूं. जो लोग मुझे ट्रोल करते हैं, उन्हें नहीं पता कि ये कितनी मेहनत का काम है. मुझे भी अपनी रोजी-रोटी कमानी है.' 

ब्रेन स्ट्रोक के बाद पांच साल तक नहीं मिला काम
राहुल रॉय को साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक आया था. इसके बाद उन्हें लंबे समय तक रिकवरी से गुजरना पड़ा. इस दौरान उनका एक्टिंग करियर भी लगभग रुक गया था. एक्टर ने कहा, 'पिछले पांच साल लगभग एक ब्रेक की तरह रहे हैं, क्योंकि मैं ठीक हो रहा था. कोई काम नहीं था. अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो मैंने बहुत ज्यादा काम किया होता. लेकिन अब मुझे कुछ काम मिल रहा है और मैं बहुत ज्यादा काम करना चाहता हूं.'

ये भी पढ़ें:-फ्लॉप होने के बाद ‘टॉक्सिक’ का बिगड़ा पूरा खेल, OTT डील में अब मिल रहा बस इतना पैसा

एक्टर ने आगे कहा, 'मैं सेट पर वापस आकर और कैमरे का सामना करके बहुत खुश था. मैं उन लोगों का बहुत शुक्रगुजार हूं, जो मुझ पर भरोसा कर रहे हैं. फिल्मों में मेरे 37 साल के सफर में मुझे लगता है कि मैंने कुछ अच्छा काम किया है और अब मैं आगे और काम करने के लिए उत्साहित हूं.' 

घर चलाने के लिए करने पड़े अलग-अलग काम
राहुल रॉय ने अपनी पैसों से जुड़ी परेशानियों के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि उनके भाई से जुड़ा करीब 30 लाख रुपये का एक पुराना मामला अभी चल रहा है. एक्टर ने ये भी बताया कि तलाक के समय उन्होंने अपनी संपत्ति पत्नी के नाम कर दी थी. इसके बाद उन्हें अपनी आर्थिक स्थिति फिर से संभालनी पड़ी. वहीं, ब्रेन स्ट्रोक के बाद लंबे समय तक काम नहीं मिलने की वजह से उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं. ऐसे में घर चलाने के लिए उन्हें अलग-अलग तरह के काम करने पड़े.

2020 में आया था ब्रेक स्ट्रोक
बता दें कि नवंबर 2020 में फिल्म 'LAC- लाइव द बैटल' की शूटिंग के दौरान राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक आया था. इसके बाद उन्हें पहले श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में उन्हें मुंबई लाया गया, जहां नानावती अस्पताल में उनका इलाज हुआ. इस दौरान राहुल ने कुछ समय ICU में भी बिताया. 

'आशिकी' ने रातों-रात बना दिया था स्टार
राहुल रॉय ने साल 1990 में फिल्म 'आशिकी' से रातों-रात पहचान बना ली थी. महेश भट्ट की इस फिल्म में वो अनु अग्रवाल के साथ नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने 'जुनून' और 'फिर तेरी कहानी याद आई' जैसी फिल्मों में काम किया. फिल्मों के अलावा राहुल रॉय ने रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया. वो साल 2007 में 'बिग बॉस' के पहले सीजन के विनर बने थे. उन्होंने कैरल ग्रेसियस को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की और बतौर इनाम 1 करोड़ रुपये अपने नाम किए. इसके बाद राहुल रॉय के करियर में कई उतार-चढ़ाव आए. उनकी आखिरी बड़ी फिल्म 'आगरा' थी, जो नवंबर 2023 में रिलीज हुई थी. इस साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म को कनु बहल ने डायरेक्ट किया था.

ये भी पढ़ें:-'चुंबक' से 'घमासान' तक, इस हफ्ते OTT पर रिलीज होंगी ये 9 धमाकेदार फिल्में-सीरीज

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.