Bhadohi News: शहीद जवान के परिवार से मिले कांग्रेस नेता अजय राय, एक करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

Feb 25, 2026 - 11:21
 0
Bhadohi News: शहीद जवान के परिवार से मिले कांग्रेस नेता अजय राय, एक करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद निवासी धीरज गुप्ता भारतीय सेना में तैनात थे, जिनकी जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी थी और वे वहां शहीद हो गए. मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय धीरज गुप्ता के परिजनों से मिलने पहुंचे और उन्होंने ढांढस बंधाने के साथ ही सरकार से परिवार को एक करोड़ का मुआवजा और सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अग्निवीर योजना पर सवाल खड़े किए हैं.

यही नहीं अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले में केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है. उन्होंने योगी सरकार को तानाशाह की सरकार बताया और कहा कि शंकराचार्य जी के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज की गयी है. राय ने इस मामले में वाराणसी से सांसद होने के चलते प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है.

शहीद परिवार के लिए नौकरी और मुआवजे की मांग

औराई क्षेत्र के जेठूपुर गांव 23 फरवरी की देर शाम अजय राय शहीद के आवास पहुंचे. उन्होंने तिरंगे को नमन करते हुए धीरज गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की, मां के चरण स्पर्श किए और परिजनों को गले लगाकर ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा, “धीरज ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. राष्ट्र उनकी शहादत का सदैव ऋणी रहेगा.” साथ ही बाबा काशी विश्वनाथ से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को संबल देने की प्रार्थना की. बताया जाता है कि धीरज बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखते थे. उनका बलिदान पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है.

पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने मांग की कि शहीद के परिजनों को कम से कम एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए. उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस सहायता मिलनी चाहिए.

मंत्रियों की अनुपस्थिति पर सवाल

अजय राय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, जो जनपद के प्रभारी मंत्री भी हैं. इसके साथ बीजेपी की सहयोगी पार्टी गरीब मछुआरा समाज की बात करने वाले निषाद पार्टी अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के घंटों जनपद में रहने के बावजूद दोनों मंत्रियों का शहीद के घर न जाने पर सवाल खड़े होते हैं. यह संवेदनहीनता और दुर्भाग्यपूर्ण है ऐसे समय में परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था.

अग्निवीर योजना पर हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि चार साल की अल्पकालिक सेवा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और सेना के मनोबल के लिए चिंताजनक है. उन्होंने मांग की कि या तो पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया बहाल की जाए या शहीद अग्निवीरों को अन्य सैनिकों के समान पूर्ण सम्मान और सुविधाएं दी जाएं. अजय राय ने कहा कि एक होनहार युवा का असमय जाना केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे देश की क्षति है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुःख की घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.