UAE ने अपने इस खिलाड़ी को टी20 वर्ल्ड कप के बीच घर भेजा, टूर्नामेंट से बाहर करने की वजह चौंका देगी
Mohammad Zohaib Back Home From The T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ कर रही है. दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला आज यानी 10 फरवरी को खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले से पहले अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने अपने एक खिलाड़ी पर बड़ी कार्रवाई की है. उसने अपने सलामी बल्लेबाज मोहम्मद जोहैब को वापस घर भेज दिया है. यूएई के इस फैसले के पीछे की वजह अनुशासन से जुड़ा बताया जा रहा है. अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने 9 फरवरी को एक बयान जारी कर कहा कि इस बारे में आने वाले समय में और जानकारी दी जाएगी.
यूएई का पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएई और न्यूजीलैंड के बीच का मुकाबला चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर खेला जाएगा. साल 2022 के बाद दोनों टीमों के बीच होने वाला पहला वर्ल्ड कप मैच होगा. इस मुकाबले में पहले सलामी बल्लेबाज मोहम्मद जोहैब के घर भेजे जाने से यूएई की बल्लेबाजी पर असर दिख सकता है. बहरहाल, उनकी गैरमौजूदगी में कप्तान मोहम्मद वसीम के साथ आर्यांश शर्मा टीम के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी उठाते दिखेंगे.
कैसा रहा है जौहैब का टी20 इंटरनेशनल करियर
यूएई के लिए मोहम्मद जोहैब ने मई 2025 में डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें 103.76 की स्ट्राइक रेट और 20.20 की औसत से कुल 303 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है.
यूएई और न्यूजीलैंड के मैच का रिपोर्ट कार्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले यूएई और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में ये चौथी टक्कर होगी. इससे पहले हुई 3 भिड़ंत में 2 बार बाजी न्यूजीलैंड ने मारी है, जबकि एक बार जीत यूएई को मिली है. यूएई ने न्यूजीलैंड को साल 2023 में दुबई में खेले मैच में हराया था.
न्यूजीलैंड मुकाबले से पहले यूएई के कप्तान ने दिया बयान
न्यूजीलैंड से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाली भिड़ंत को लेकर यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने कहा कि हमने दुबई की कंडीशन में न्यूजीलैंड को हराया है, लेकिन, इस बार मुकाबला एक अलग देश में, अलग ग्राउंड पर, अलग कंडीशन में और अलग टूर्नामेंट में खेला जा रहा है. ऐसे में हमें अलग रणनीति के साथ भी उतरना होगा. हमारी टीम अच्छी है, लेकिन हमें जीतने के लिए साथ में अच्छा प्रदर्शन करना होगा.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







