IND vs ENG Test Series : इंग्लैंड के उपकप्तान ने सीरीज से पहले खेला माइंड गेम, कहा- 'भारत में टैलेंट है, लेकिन कोहली...'

Jun 12, 2025 - 11:13
 0
IND vs ENG Test Series : इंग्लैंड के उपकप्तान ने सीरीज से पहले खेला माइंड गेम, कहा- 'भारत में टैलेंट है, लेकिन कोहली...'

IND vs ENG Test Series : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज 20 जून 2025 से लीड्स में शुरू हो रही है. मुकाबले से पहले ही इंग्लैंड के उपकप्तान ओली पोप ने भारतीय टीम पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि भारतीय टीम में युवा टैलेंट जरूर है, लेकिन इस बार विराट कोहली की अनुपस्थिति टीम के आत्मविश्वास और मैदान पर आक्रामकता को प्रभावित कर सकती है.

सीरीज से पहले ओली पोप ने ‘टॉकस्पोर्ट क्रिकेट’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “भारत की मौजूदा टीम युवा है और उनमें टैलेंट की भी कोई कमी नहीं है. उनके पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं और शुभमन गिल एक बेहतरीन कप्तान हैं, लेकिन उन्हें विराट कोहली की कमी जरूर महसूस होगी. कोहली स्लिप पर खड़े होकर अपने आक्रामक और माजाकिया अंदाज में एक अलग माहौल बना देते थे.”

पोप ने यह भी कहा कि भारतीय टीम में युवा टैलेंट की कोई कमी नहीं है और खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं, लेकिन इंग्लैंड की टीम के खिलाड़ी भी इस चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

ओली पोप ने इंटरव्यू में आगे बात करते हुए इस सीरीज को इंग्लैंड के लिए आगामी एशेज की तैयारी का अहम हिस्सा बताया. उन्होंने कहा, “हमारे लिए भारत के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज खेलने का एक बेहतरीन समय है. पिछले साल हमने वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले खेले थे, लेकिन भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलने से हमारी तैयारियों को और मजबूती मिलेगी. एशेज भी आने वाली है और उससे पहले यह शानदार टेस्ट होगा.”

कोहली-रोहित के बिना मैदान में उतरेगी भारतीय टीम

भारत ने इंग्लैंड दौरे के लिए एक युवा टीम का चयन किया गया है. भारत के दिग्गज और अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं. दोनों ही खिलाड़ियों ने आईपीएल 2025 के दौरान ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी. अब इस सीरीज में भारत की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है,जो पहली बार किसी बड़ी विदेशी सीरीज में टीम की अगुवाई कर रहे हैं. गिल की अगुआई में भारतीय टीम में कई नए चेहरे शामिल किए गये हैं, जिन्हें इंग्लैंड की तेज पिचों पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा, लेकिन कोहली और रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हो रही हैं.

भारत की इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज का इतिहास

भारत ने इंग्लैंड में पिछली बार 2007 में टेस्ट सीरीज जीती थी. इसके बाद 2011, 2014 और 2018 में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि 2021-22 की टेस्ट सीरीज ड्रॉ हो गई थी. इस बार भी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अनुभवी खिलाड़ियों की कमी के कारण भारत की इस सीरीज में जीत की राह आसान नहीं होने वाली है.

हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि भारतीय टीम अभी भी इंग्लैंड को हरा सकती है. उन्होंने कहा कि अगर टीम की बल्लेबाजी मजबूत रही और जसप्रीत बुमराह फिट रहकर पूरी सीरीज खेलते हैं, तो भारतीय टीम आसानी से यह सीरीज जीत सकती है.

IND vs ENG टेस्ट सीरीज शेड्यूल

पहला टेस्ट: 20-24 जून(हेडिंग्ले)

दूसरा टेस्ट: 2-6 जुलाई (एजबेस्टन)

तीसरा टेस्ट: 10-14 जुलाई (लॉर्ड्स)

चौथा टेस्ट: 23-27 जुलाई (ओल्ड ट्रैफर्ड)

पांचवां टेस्ट: 31 जुलाई-4 अगस्त (द ओवल)

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.