'बेटियां सुरक्षित नहीं, सच बोलने वालों को जेल भेज रही है सरकार', विधायक रणविजय साहू का NDA पर हमला
आरजेडी विधायक रणविजय साहू ने बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राज्य में मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं और बेटियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज पूरे बिहार में कहीं भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. जो भी इस पर आवाज उठाता है, उसे सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है.
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर सवाल
रणविजय साहू ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे नीट छात्रा की हत्या के मामले में आवाज उठा रहे थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने पीड़िता के लिए न्याय की मांग की, लेकिन सरकार ने उन्हें जेल भेज दिया. यह दिखाता है कि सच बोलने वालों के साथ क्या हो रहा है.
सदन में तेजस्वी को चुप कराने का आरोप
विधायक ने बताया कि जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विधानसभा में बेटियों के साथ हो रहे अत्याचारों पर बोल रहे थे, तब मुख्यमंत्री ने उन्हें चुप करा दिया. रणविजय साहू ने कहा, “जब सवाल सुरक्षा का हो, तो सरकार को जवाब देना चाहिए, न कि आवाज दबानी चाहिए."
उन्होंने मुख्यमंत्री के पुराने दावों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री कहते थे कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त है और रात 12 बजे भी बेटियां सुरक्षित सड़कों पर चल सकती हैं. लेकिन आज हालत यह है कि बेटियों का सड़क पर निकलना भी मुश्किल हो गया है.”
तेज प्रताप यादव को धमकी पर चिंता
रणविजय साहू ने तेज प्रताप यादव को जान से मारने की धमकी मिलने पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, “यह सोचने की बात है कि एक पूर्व मंत्री को खुलेआम धमकी मिल रही है. यह कैसा शासन है? सरकार को मंथन करना चाहिए.”
‘जयचंद’ वाले आरोप पर टालमटोल
जब उनसे पार्टी के पांच नेताओं पर ‘जयचंद’ होने के आरोपों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे जांच का विषय बताया. हालांकि, उन्होंने दोहराया कि “जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर मामलों पर सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.”
सरकार से जवाब की मांग
रणविजय साहू ने कहा कि एनडीए सरकार को बयानबाज़ी छोड़कर जमीनी हकीकत पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा, “बेटियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अभिव्यक्ति की आज़ादी, इन सब पर सरकार को साफ जवाब देना होगा.”
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







