दिल्ली: सफदरजंग एन्क्लेव में कांस्टेबल पर हमला, लूटी पिस्टल के साथ 2 बदमाश गिरफ्तार

Jan 27, 2026 - 16:29
 0
दिल्ली: सफदरजंग एन्क्लेव में कांस्टेबल पर हमला, लूटी पिस्टल के साथ 2 बदमाश गिरफ्तार

दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने और उसकी सरकारी पिस्टल लूटकर फरार हुए दो बदमाशों को पुलिस ने एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. 

बदमाशों को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम और उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की टुंडला पुलिस ने मिलकर ऑपरेशन चलाया. इस ऑपरेशन में मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ जानू को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथी वसीम को बाद में दबोचा गया.

कांस्टेबल पर हमला कर छीनी पिस्टल

दरअसल, 22 जनवरी 2026 को दोपहर करीब सवा 2 बजे सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में बीट ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार को एक राहगीर ने पार्क के पास इलाके में मौजूद दो संदिग्ध लोगों की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मी ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने अचानक हमला कर दिया. एक आरोपी ने सिपाही को काबू में लिया, जबकि दूसरे ने उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली. इतना ही नहीं उसने पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानकर धमकी भी दी और हवा में फायरिंग कर मौके से भाग गया. गनीमत रही कि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए.

खंगाले 500 CCTV फुटेज

वारदात के बाद पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी एक बाइक सवार को जबरन रोककर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई. टीमों ने सफदरजंग एन्क्लेव, हौज खास, मालवीय नगर, महरौली समेत आसपास के इलाकों के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले.

आरोपी फिरोजाबाद से गिरफ्तार

टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए एक आरोपी की पहचान अविनाश उर्फ जानू के रूप में हुई, जो पहले भी दिल्ली में लूट और स्नैचिंग के कई मामलों में शामिल रहा है. जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली से फरार होकर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टुंडला इलाके में छिपा हुआ है.

वहीं 23 जनवरी 2026 को दिल्ली पुलिस और टुंडला पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश में दबिश दी. दोपहर करीब 2:15 बजे आरोपी को टुंडला इलाके में एक स्कूटर पर जाते हुए देखा गया. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो तो तेज रफ्तार में भागने लगा. लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा. 

पकड़ने गई पुलिस पर भी की फायरिंग

खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. गोलियां पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के घुटनों में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया.

आरोपी से पिस्टल समेत ये सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी अविनाश उर्फ जानू से पुलिस ने लूटी गई 9 एमएम की सरकारी पिस्टल, तीन खोखे, एक स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद किया. पूछताछ में उसने सफदरजंग एन्क्लेव की घटना में अपनी भूमिका कबूल की और बताया कि उसका साथी वसीम भी इस वारदात में शामिल था.

साथी को दिल्ली से ही किया गिरफ्तार

आरोपी की निशानदेही और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने 23 जनवरी की रात करीब 11:42 बजे मालवीय नगर के स्वामी नगर इलाके में कब्रिस्तान के पास से उसके साथी वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक 30 साल का अविनाश उर्फ जानू दिल्ली में लूट और स्नैचिंग के 10 से ज्यादा मामलों में शामिल रह चुका है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.