राजस्थान में गणतंत्र दिवस का जश्न, CM भजनलाल शर्मा ने दी बधाई, कांग्रेस नेताओं ने उठाए ये मुद्दे
आज (सोमवा, 26 जनवरी) को देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है. 26 जनवरी 1950 को आज ही के दिन देश में संविधान लागू हुआ था. इसी उपलक्ष्य में इस दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज विश्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. दूसरी तरफ विपक्षी नेताओं ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए संविधान पर हो रहे हमलों का जिक्र किया.
क्या बोले सीएम भजनलाल शर्मा?
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "आज हम अपना गणतंत्र दिवस मना रहे हैं. इस सुअवसर पर समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. देश के उन स्वाधीनता सेनानियों को नमन करता हूं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया. बाबासाहेब अंबेडकर को नमन, जिन्होंने देश को संविधान दिया."
इसके आगे सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, "आज पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. पूरी दुनिया में अर्थव्यवस्था में भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है. राजस्थान में भी डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है."
अशोक गहलोत ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक गहलोत ने कहा, "समस्त देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं आत्मीय शुभकामनाएं. आज का दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने हमें दुनिया का सबसे श्रेष्ठ और समावेशी संविधान दिया. हमारा संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक के हक और हुकूक की ढाल है. आइए, हम संविधान की मूल भावना की रक्षा करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने, आपसी सद्भाव व भाईचारे को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लें, हमारा साझा संकल्प ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान बनेगा."
'देश का संविधान खतरे में'- डोटासरा
कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- 'आज देश का संविधान खतरे में है. संविधान के कमजोर होने से लोकतंत्र कमजोर होता है. आज हम संविधान को बचाने का संकल्प लेते हैं, हमें धर्मनिरपेक्षता के आधार पर सभी को साथ लेकर चलना है. संविधान से मिली शक्तियों का आज की सरकार दुरुपयोग कर रही है, संवैधानिक संस्थाओं पर 'बुलडोजर' चलाया जा रहा है.'
'गणतंत्र की वजह से आए और गणतंत्र को कमजोर कर रहे'
बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा, 'गणतंत्र दिवस पर बधाई देता हूं, एक ऐसा गणतंत्र जहां अलग अलग धर्म, भाषा और बोलियों का गुलदस्ता है. आज गणतंत्र पर हमले किए जा रहे. जो संविधान की वजह से आए हैं, वो ही संविधान को कमजोर कर रहे हैं. गणतंत्र ने हमें वोट का अधिकार दिया, अब वोट काटा जा रहा है. जो सत्ता में हैं वो कमियां सुनना नहीं चाहते.'
उन्होंने आगे कहा, 'गणतंत्र में शंकराचार्य का अपमान हो रहा. सनातन का अपमान किया जा रहा. गौ हत्या के खिलाफ मुहिम चलाने वाले से डिग्री पूछी जा रही. जो खुद अपनी डिग्री नहीं दे पाए, वो शंकराचार्य से सर्टिफिकेट मांग रहे हैं.'
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







