21 की उम्र में ब्लॉकबस्टर डेब्यू, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद से 2 बार की थी मुलाकात, किस्से ऋषि कपूर के
कपूर खानदान ने हिंदी सिनेमा को कई बेहतरीन कलाकार दिए हैं. राज कपूर, शशि कपूर, करीना कपूर, शम्मी कपूर, करिश्मा कपूर और रणबीर कपूर इस फेहरिस्त में शामिल हैं. इनके अलावा एक और बेहतरीन कलाकार कपूर खानदान से जुड़ा रहा है, जिसने भारतीय सिनेमा को एक अलग और नई पहचान दिलाने में बड़ा योगदान दिया था. उनका नाम है ऋषि कपूर, जिन्हें इंडस्ट्री में लोग 'चिंटू' के नाम से भी जानते हैं.
ऋषि कपूर अपने दौर के सबसे चर्चित सुपरस्टार रहे हैं. बड़े पर्दे पर रोमांटिक हीरो के किरदार से खास और बड़ी पहचान बनाने वाले ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं हैं. हालांकि वो आज भी अपनी फिल्मों और बेहतरीन अदाकारी से हर किसी के दिल में जिंदा है. एक्टर की आज बर्थ एनिवर्सरी है. इस मौके पर आइए जानते हैं उनकी लाइफ से जुड़ी कुछ खास और दिलचस्प बातें.
3 साल की उम्र में पिता की फिल्म में आए थे नजर
राज कपूर जैसे दिग्गज कलाकार के घर ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई में हुआ था. महज तीन साल की छोटी सी उम्र में ऋषि ने पहली बार कैमरा फेस किया था. वो पिता की फिल्म 'श्री 420' (1955) के गाने 'प्यार हुआ इकरार हुआ' में नजर आए थे.
ये भी पढ़ें: 2 करोड़ बजट, 50 करोड़ के पार कमाई, ब्लॉकबस्टर हुई 'हनुमान अंश', मेकर्स ने किया सीक्वल का ऐलान
21 की उम्र में ब्लॉकबस्टर डेब्यू
17 साल की उम्र में ऋषि ने पिता की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' (1970) में उनके बचपन का किरदार अदा किया था. जबकि साल 1973 में करीब 21 साल की उम्र में उन्होंने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में फिल्म 'बॉबी' (1973) से डेब्यू किया था. इसके डायरेक्टर थे उनके पिता राज कपूर.
इस फिल्म में ऋषि के साथ मशहूर एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया नजर आई थीं. ये उनकी भी बतौर लीड एक्ट्रेस पहली फिल्म थी. इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर दर्शकों ने खूब पसंद किया था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.
1980 में नीतू कपूर से की थी शादी
ऋषि की पर्सनल लाइफ की बात करें तो बॉबी की शूटिंग के वक्त उनका डिंपल के साथ अफेयर शुरू हो गया था. हालांकि जल्द ही दोनों का रिश्ता टूट गया था. बाद में वो साथ काम करने के दौरान नीतू कपूर के करीब आ गए थे. दोनों का लंबा अफेयर चला और फिर इस कपल ने धूमधाम से शादी की थी.
साल 1980 में ऋषि और नीतू कपूर की शादी हुई थी. कपल ने इसके बाद बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और बेटे रणबीर कपूर का वेलकम किया था. रणबीर सक्सेसफुल बॉलीवुड सुपरस्टार हैं. जबकि रिद्धिमा ने फिल्म इंडस्ट्री में करियर नहीं बनाया. उनकी साल 2006 में बिजनेसमैन भरत साहनी से शादी हुई थी.
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से दो बार की थी मुलाकात
ऋषि ने अपनी आत्मकथा 'खुल्लम खुल्ला' में बताया था कि उन्होंने दाऊद इब्राहिम से मुलाकात की थी. एक्टर की मुलाकात दाऊद से एक नहीं, बल्कि दो-दो बार हुई थी. पहली मुलाकात 1988 और दूसरी साल 1989 में. साल 1988 में ऋषि कुछ सिंगर्स के साथ एक शो के लिए दुबई गए थे तब एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति उनके पास आया था और उसने ऋषि को बताया था कि दाऊद उनसे बात करना चाहता है. इसके बाद ऋषि उसके घर गए थे और दोनों ने साथ में चाय पीते हुए ढेर सारी बातचीत की थी.
दाऊद इब्राहिम को पसंद थी ऋषि कपूर की ये फिल्म
ऋषि कपूर के अभिनय का दीवाना अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम भी रहा है. ऋषि की आत्मकथा के मुताबिक दाऊद को एक्टर की फिल्म 'तवायफ' (1985) पसंद थी. उसने खुद दाऊद से ये बात कही थी. इसका एक कारण ये भी था कि उसमें ऋषि ने दाऊद नाम का ही किरदार अदा किया था. ऋषि की अंडरवर्ल्ड डॉन से दूसरी मुलाकात 1989 में उस वक्त हुई थी जब वो अपनी पत्नी और एक्ट्रेस नीतू कपूर के साथ दुबई में थे.
ये भी पढ़ें: 'हनुमान अंश' में निभाया नीम करौली बाबा के बचपन का किरदार, जानें कौन हैं विहान शेडगे
ऋषि कपूर की बेहतरीन फिल्में
बॉबी से बड़ी सफलता हासिल करने वाले ऋषि ने 90 के दशक तक लीड रोल निभाए. जबकि बाद में वो सपोर्टिंग रोल में भी छाए रहे. उन्होंने अपने करियर में कई बड़ी एक्ट्रेसेस संग काम किया था. 120 से ज्यादा फिल्मों में नजर आए ऋषि की बेहतरीन फिल्मों में 'चांदनी', 'दीवाना', 'दामिनी', 'बोल राधा बोल', 'अग्निपथ', 'कुली', 'अमर अकबर एंथनी', 'सरगम', नसीब', 'कातिलों का कातिल', 'हम किसी से कम नहीं', 'नगीना' और 'प्रेम रोग' आदि शामिल हैं. इस दिग्गज कलाकार का 30 अप्रैल 2020 को कैंसर जैसी बीमारी से जूझते हुए निधन हो गया था.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







