लखनऊ में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, पानी में डूबा थाना, गोमती नदी उफनाई
लखनऊ में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. करीब छह घंटे से हो रही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया. हालात ऐसे रहे कि गाजीपुर थाना भी पानी में डूब गया. थाने के परिसर में पानी भरने से पुलिसकर्मियों और फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वही बारिश के चलते गोमती नदी भी उफना गई है.
बारिश के चलते लखनऊ के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई. शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे पर लंबा जाम लग गया. गोमतीनगर और इंदिरानगर में करीब दो फीट तक पानी भरने की सूचना है. कई जगहों पर बारिश का पानी घरों में भी घुस गया.
यूपी में 6 सितंबर तक भारी बारिश-बाढ़ का अनुमान, जानें अपने जिले का हाल
चिनहट में करीब 8 फीट सड़क धंसी
बारिश के बीच चिनहट में भी बड़ा हादसा टल गया. रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब 8 फीट सड़क धंस गई. सड़क धंसने के बाद मौके पर खतरा बढ़ गया और आवागमन प्रभावित हुआ. सीतापुर रोड योजना के सब्जी मंडी क्षेत्र में भी बारिश के बाद गलियां पानी से लबालब हो गईं. कई घरों में पानी घुस गया. लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
मरीन ड्राइव अंडरपास में भी जलभराव
गोमतीनगर में ताज होटल के पास स्थित मरीन ड्राइव अंडरपास में भी तेज बारिश के बाद भारी जलभराव हो गया. अंडरपास में पानी भरने से वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हुई. लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा. सुबह करीब 7 बजे मलिहाबाद में बारिश हुई.
इसके बाद करीब 10 बजे जानकीपुरम विस्तार और 11 बजे हजरतगंज में तेज बारिश शुरू हुई. दोपहर करीब ढाई बजे गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में भी तेज बारिश हुई. बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. चिनहट समेत कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही.
सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज
आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है. यानी राजधानी में सामान्य से 1.6 मिलीमीटर ज्यादा बारिश हो चुकी है. मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मेरठ में किसानों का शक्ति प्रदर्शन, राकेश टिकैत ने संभाला मोर्चा, क्या हैं मांगें?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







