Sonipat News: रोहट गांव में PHC की इमारत भरभराकर जमींदोज, पूरे इलाके में मचा हड़कंप
देशभर में मानसून की सक्रियता के बीच कई राज्यों से भारी बारिश और जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं. लेकिन हरियाणा के सोनीपत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो मानसून के कहर से ज्यादा सिस्टम की लापरवाही को उजागर करती है. यहां रोहट गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की इमारत अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई. गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
यह स्वास्थ्य केंद्र आसपास के कई गांवों के लिए इलाज का प्रमुख केंद्र था, जहां रोजाना करीब 60 से 70 मरीज ओपीडी (OPD) में स्वास्थ्य सेवाएं लेने पहुंचते थे. राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह इमारत ढही, उस समय भवन के अंदर कोई भी मरीज या स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद नहीं था. वरना, एक बहुत बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था. इमारत के मलबे में तब्दील होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
Nuh News: गोवंश बचाने के मिशन के दौरान पुलिस जवान की मौत, ट्रक की टक्कर से गई जान
6 महीने से फाइलों में धूल फांक रहा था मरम्मत का प्रस्ताव
इस हादसे ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोनीपत नागरिक अस्पताल की सीएमओ (CMO) अनुराधा जैन के अनुसार, इस पीएचसी का निर्माण 2013 में किया गया था और इसकी हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी. भवन की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए इसके मरम्मत और रखरखाव का प्रस्ताव इसी साल जनवरी में ही विभाग को भेज दिया गया था.
सिस्टम की लेटलतीफी
हैरानी की बात यह है कि छह महीने बीत जाने के बाद भी मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया और मामला फाइलों में ही उलझा रहा, जिसका नतीजा इस हादसे के रूप में सामने आया.
वैकल्पिक व्यवस्था में जुटा स्वास्थ्य विभाग
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया. भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अब स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है. मरीजों के इलाज में कोई परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पीएचसी को तुरंत किसी दूसरी जगह (वैकल्पिक भवन) में संचालित करने की तैयारी में जुट गया है. प्रशासनिक टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







