अमेठी: मकान निर्माण विवाद में खूनी संघर्ष, सपा बूथ अध्यक्ष के पिता की हत्या, 5 पर FIR

Jun 19, 2026 - 11:26
 0
अमेठी: मकान निर्माण विवाद में खूनी संघर्ष, सपा बूथ अध्यक्ष के पिता की हत्या, 5 पर FIR

अमेठी जनपद तहसील एवं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर मजरे दलशाहपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष के पिता की मौत हो गई. आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला किया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान घायल वृद्ध की मौत हो गई. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार सैदपुर मजरे दलशाहपुर निवासी एवं समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष सुनील पाल का पड़ोसियों से मकान के लिंटर निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था. सुनील पाल द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 17 जून की रात करीब 12 बजे विपक्षी पक्ष के लोग एक राय होकर लाठी-डंडा, लोहे की रॉड, सरिया और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए.

अखिलेश यादव बोले- अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी...BJP का यहीं अंत होगा

घर में घुसकर की गई मारपीट

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार पर हमला बोल दिया. इस दौरान सुनील पाल के पिता रामफली पाल (65 वर्ष) को निशाना बनाकर उन पर ताबड़तोड़ वार किए गए. बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया. हमले में रामफली पाल, सुनील पाल तथा परिवार की एक महिला सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

जिला अस्पताल से एम्स रायबरेली किए गए रेफर

घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में भी हालत गंभीर होने पर तीनों घायलों को एम्स रायबरेली भेजा गया. एम्स में इलाज के दौरान रामफली पाल की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार अभी जारी है.

परिवार में दहशत, गिरफ्तारी की मांग

सुनील पाल ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी आरोपी पक्ष लगातार उनके परिवार को धमकियां दे रहा है. इससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ हत्या, घर में घुसकर हमला, मारपीट, जातिसूचक अपमान, गाली-गलौज और आपराधिक धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कड़ी कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

रामफली पाल की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और तनाव का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट राजेश मिश्रा तथा अमेठी विधायक महाराजी प्रजापति के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. सपा नेताओं ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना बुधवार देर रात की है. पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अमेठी कोतवाली में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

अमेठी में जमीनी विवाद में खूनी खेल! घर में घुसकर परिवार पर हमला; बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.