Delhi News: दिल्ली में नकली टूथपेस्ट बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, फैक्ट्री मालिक पुलिस ने किया गिरफ्तार

Apr 4, 2026 - 11:52
 0
Delhi News: दिल्ली में नकली टूथपेस्ट बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, फैक्ट्री मालिक पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली उत्पाद बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. कंझावला इलाके में चल रही नकली टूथपेस्ट बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट, हजारों खाली ट्यूब, पैकिंग सामग्री, मशीनें और कच्चा माल बरामद किया है. इस मामले में फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वहां काम कर रहे मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

क्राइम ब्रांच की टीम को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी दिल्ली के कंझावला के महावीर विहार इलाके में एक गोदाम के अंदर बड़े पैमाने पर नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है. बताया गया कि यहां लोकल और घटिया क्वालिटी का पेस्ट खाली ट्यूब में भरकर उसे असली कंपनी के नाम से पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाता है. जिसके बाद पुलिस टीम ने कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया और छापेमारी की योजना बनाई.

गोदाम में चल रहा था नकली उत्पादन

पुलिस टीम जब गोदाम पर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गई. वहां छह मजदूर मशीन की मदद से खाली ट्यूब में नीले रंग का पेस्ट भर रहे थे. इसके बाद ट्यूब को सील कर उस पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट प्रिंट की जा रही थी, ताकि वह बिल्कुल असली उत्पाद जैसा दिखाई दे. 

बाद में इन ट्यूबों को कार्टन में पैक कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी. पूछताछ में मजदूरों ने बताया कि यह गोदाम हरिओम मिश्रा नाम के व्यक्ति का है और वही इस पूरे काम को संचालित करता है. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर बुलवाया और हिरासत में लेकर पूछताछ की.

आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हरिओम मिश्रा रोहिणी सेक्टर-2 का रहने वाला है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने खंजावला में गोदाम किराए पर लेकर नकली टूथपेस्ट बनाने का काम शुरू किया था. वह बाजार से खाली ट्यूब और पैकिंग सामग्री मंगवाता था, उनमें लोकल तरीके से तैयार पेस्ट भरवाता था और फिर असली सेंसोडाइन के नाम से बाजार में बेच देता था. आरोपी के पास न तो किसी प्रकार का लाइसेंस था और न ही कंपनी की कोई अनुमति.

बड़ी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली उत्पाद और मशीनें जब्त कीं. बरामद सामान में ट्यूब भरने और सील करने की मशीन, लगभग 1,800 भरे हुए नकली टूथपेस्ट ट्यूब, 10,000 से ज्यादा खाली ट्यूब जिन पर सेंसोडाइन की ब्रांडिंग थी.

वहीं करीब 1,200 से अधिक पैक किए हुए ट्यूब, सैकड़ों पैकिंग कार्टन और मास्टर कार्टन लगभग 130 किलो नीले रंग का नकली पेस्ट हजारों ट्यूब कैप, रैपर और पैकिंग सामग्री हीटिंग गन, टेप, ग्लू और अन्य उपकरण पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए. नकली उत्पादों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.

दिल्ली पुलिस की जांच जारी 

क्राइम ब्रांच ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता  और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नकली टूथपेस्ट दिल्ली और आसपास के किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: भूकंप के तेज झटकों से हिली दिल्ली-NCR, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में कांपी धरती, लोग घरों से निकले

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.