Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी से उठी 'आफत'! 11 राज्यों के लिए चेतावनी, बारिश-आंधी का अलर्ट, यूपी-बिहार से दिल्ली तक मौसम कैसा?

Feb 23, 2026 - 11:25
 0
Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी से उठी 'आफत'! 11 राज्यों के लिए चेतावनी, बारिश-आंधी का अलर्ट, यूपी-बिहार से दिल्ली तक मौसम कैसा?

देश के कई हिस्सों में जहां गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं अब अचानक बदलते मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान 11 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.

IMD के अनुसार 23 फरवरी से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की संभावना है. कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

 गरज के साथ बारिश की आशंका

23 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में और 23-24 फरवरी को उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 23 फरवरी को बारिश की संभावना है. असम, मेघालय, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में 23 और 24 फरवरी को गरज के साथ बारिश हो सकती है. अंडमान-निकोबार में 23 से 26 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में 23 फरवरी को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. सुबह 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे प्रदूषण में कमी आ सकती है और AQI 150 से नीचे जा सकता है. हालांकि दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश का हाल

उत्तर प्रदेश में 23 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. कई जिलों में तापमान बढ़ेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर समेत कई जिलों में गर्मी बढ़ेगी.

बिहार में बढ़ेगी गर्मी

बिहार में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर सहित कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है. पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड में बारिश और ठंड

उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी समेत कई जिलों में 23 और 24 फरवरी को बारिश हो सकती है. 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और सिरमौर में 23 फरवरी को बारिश की संभावना है. मनाली और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान 0 डिग्री और न्यूनतम माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

गुजरात और राजस्थान

गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है, लेकिन अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा. अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राजस्थान में अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं. तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है.

मध्य प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में बारिश

रीवा, सतना, शहडोल, मंडला, बालाघाट और जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में 23 फरवरी को बारिश हो सकती है. तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट संभव है. भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश

दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भी हल्की बारिश हो सकती है. कुल मिलाकर, देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. जहां कुछ राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी है, वहीं कई क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने लगी है. ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.