नेपाल के पशुपतिनाथ से बिहार होते हुए देवघर तक बनेगा हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे, किन जिलों को फायदा?

Feb 11, 2026 - 11:50
 0
नेपाल के पशुपतिनाथ से बिहार होते हुए देवघर तक बनेगा हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे, किन जिलों को फायदा?

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मंगलवार (10 फरवरी, 2026) को विधानसभा में बताया कि नेपाल के पशुपतिनाथ से बिहार होते हुए झारखंड के बैद्यनाथधाम (देवघर) तक 'पशुपतिनाथ-बैद्यनाथ धाम हाई-स्पीड कॉरिडोर' ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा. विधानसभा में 2026-27 के लिए पथ निर्माण विभाग का 8,260 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया. 

दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रस्तावित 250 किलोमीटर लंबा 'पशुपतिनाथ-बैद्यनाथधाम हाई-स्पीड कॉरिडोर' काठमांडू से शुरू होगा. भीमनगर और बीरपुर से गुजरते हुए बिहार के सुपौल जिले में भारत में प्रवेश करेगा. इसके बाद यह मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर और बांका जिलों से गुजरते हुए झारखंड के देवघर जिले स्थित बैद्यनाथ धाम तक पहुंचेगा. 

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना उद्देश्य

बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर को झारखंड के बैद्यनाथ धाम से सीधे जोड़ना है ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को गति मिल सके. इस कॉरिडोर के निर्माण से बिहार और झारखंड के कई जिलों में आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी एवं क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी.

मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे को रक्सौल-हल्दिया और दरभंगा-आमस एक्सप्रेसवे जैसे अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे पूर्वी भारत में सड़क संपर्क का एक सशक्त नेटवर्क विकसित होगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत-नेपाल सीमा सड़क परियोजना के तहत बिहार में कुल 554.08 किलोमीटर लंबाई में सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है. यह परियोजना सीमावर्ती सात जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज से होकर गुजरती है. यह मार्ग पश्चिमी चंपारण के मदनपुर से शुरू होकर किशनगंज जिले के गलगलिया में समाप्त होगा.

आगे कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा बल्कि व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा के लिहाज से भी राज्य को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा. वहीं, दिलीप जायसवाल ने कहा कि गंगा नदी के दक्षिणी किनारे पर आरा से लेकर भागलपुर तक जेपी गंगा पथ के विस्तार की योजना है. उन्होंने बताया कि राज्य की अतिमहत्वाकांक्षी परियोजना जेपी गंगा पथ का कार्य पूर्ण कर लोकार्पण किया जा चुका है और इस पथ पर आवागमन सुगम हो गया है.

यह भी पढ़ें- सामने आए तेज प्रताप यादव के पहले 'जयचंद', अनुष्का संग मामा का रिश्ता जोड़ने पर भड़के मुकेश रोशन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.