बेगूसराय: पहले पति छोड़ा, फिर देवर से शादी कर दोनों की हत्या! प्रॉपर्टी के लिए महिला की खौफनाक साजिश

Feb 10, 2026 - 12:18
 0
बेगूसराय: पहले पति छोड़ा, फिर देवर से शादी कर दोनों की हत्या! प्रॉपर्टी के लिए महिला की खौफनाक साजिश

बेगूसराय जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने शादी, रिश्ते और भरोसे जैसे शब्दों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है. कहा जाता है कि शादी सात जन्मों का बंधन होती है, लेकिन यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने पहले दो भाइयों से शादी की और फिर सम्पत्ति हड़पने के लिए दोनों की हत्या करवा दी.

पहले बड़े भाई से शादी, फिर देवर से रचाया ब्याह

मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कैथमा वार्ड संख्या 19 का है. परिजनों के अनुसार, सुनीता देवी की शादी साल 2011 में किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में भूषण सिंह से हुई थी. लेकिन शादी के महज एक महीने बाद ही वह भूषण सिंह को छोड़कर चली गई. इसके बाद उसने अपने ही देवर यानी भूषण के छोटे भाई राजू सिंह से कोर्ट मैरिज कर ली और उसके साथ रहने लगी.

परिजनों का आरोप है कि सुनीता देवी ने अपने दूसरे पति राजू सिंह की भी हत्या की साजिश रची. करीब एक साल पहले राजू सिंह को गोली मारी गई थी, हालांकि वह उस हमले में बच गया था.

लेकिन कुछ समय बाद जब वह ठीक होकर घर लौटा, तो कथित तौर पर गला घोंटकर और मुंह पर तकिया रखकर उसकी हत्या कर दी गई. उस वक्त किसी पर शक नहीं जा सका और मामला ठंडे बस्ते में चला गया.

खेत जाते वक्त मारी गई गोली, मौके पर ही मौत

सोमवार शाम भूषण सिंह अपने मवेशियों के लिए खेत में चारा काटने जा रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगते ही भूषण सिंह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

मृतक के परिजनों, खासकर अशोक सिंह और अन्य लोगों ने साफ आरोप लगाया है कि इस हत्या के पीछे भूषण सिंह की पहली पत्नी सुनीता देवी ही है. उनका कहना है कि जमीन और अन्य सम्पत्ति हड़पने के लिए उसने पहले राजू सिंह और अब भूषण सिंह की हत्या करवाई है.

परिजनों के मुताबिक, हाल के दिनों में सुनीता देवी ने कुछ जमीन बेच भी दी थी, जिसको लेकर भूषण सिंह से उसका विवाद चल रहा था.

परिजनों का दावा है कि जिस वक्त भूषण सिंह घर से खेत की ओर निकले, उसी समय घर के पास कुछ अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे. जैसे ही भूषण सिंह बाहर निकले, उन पर फायरिंग शुरू कर दी गई. इससे साफ होता है कि हत्या पूरी साजिश के तहत की गई.

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पदाधिकारी अरविंद गौतम ने बताया कि कैथमा वार्ड संख्या 19 में एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई है. हत्या के कारणों की जांच की जा रही है. परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

जांच के बाद खुलेगा पूरा सच

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है. अगर परिजनों के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला रिश्तों की आड़ में रची गई एक खौफनाक साजिश के रूप में सामने आएगा. पूरे इलाके की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.