भारत के साथ मैच पर पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद ICC ने जारी किया बयान, कहा- 'यह सहमति हुई है कि सभी'
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को तय है, जो अपने शेड्यूल के अनुसार ही खेला जाएगा. पाकिस्तान सरकार ने इस मैच के बहिष्कार का एलान किया था. पहले से ही अंदेशा था कि मैच की तारीख नजदीक आते-आते पाकिस्तान अपने फैसले से पलट जाएगा. हुआ भी वैसा ही, पाकिस्तान इस मैच में खेलने के लिए तैयार हो गया. आईसीसी की तरफ से इस पर एक बयान जारी किया गया.
आईसीसी ने जारी बयान में कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत एक बड़े जुड़ाव के हिस्से के तौर पर हुई. दोनों ने अच्छे व्यवहार की जरुरत को पहचाना. इसमें निष्पक्षता और सहयोग के साथ कहा कि वह खेल के अच्छे हितों के लिए कमिटिड हैं. इसमें ये फैसला हुआ कि सभी सदस्य देश आईसीसी टूर्नामेंट्स में खेलने की शर्तों के अनुसार अपने प्रतिबद्धता का सम्मान करेंगे. सभी पूरी कोशिश करेंगे जिससे जारी संस्करण सफल रहे."
BCCI, PCB और ICC के बीच कॉन्ट्रैक्ट
भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी (2025) के लिए अपनी टीम पाकिस्तान नहीं भेजने का फैसला किया था, जिसके बाद टीम इंडिया के मैच यूएई में शिफ्ट किए गए. इसके बाद आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के बीच एक कॉन्ट्रैक्ट हुआ कि दोनों देश आईसीसी इवेंट्स में खेलेंगे लेकिन न्यूट्रल वेन्यू पर. इसी के तहत पिछले साल महिला वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान ने अपने मैच श्रीलंका में खेले थे.
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के जारी संस्करण में भी पाकिस्तान अपने मैच श्रीलंका में खेल रहा है. यहां तक कि अगर पाक टीम फाइनल में पहुंची तो खिताबी मुकाबला भी वहीं पर होगा. पाकिस्तान के पास कोई ठोस कारण नहीं था कि वह श्रीलंका में भी भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करे. इसी वजह से पहले से ही तय माना जा रहा था कि अंत में पीसीबी को झुकना ही पड़ेगा.
कहां से शुरू हुआ था विवाद
इस विवाद की शुरुआत आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद हुई. दरअसल मुस्तफिज़ुर रहमान को आईपीएल से रिलीज किए जाने से नाराज बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने फैसला किया कि वह अपने मैचों को भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग करेंगे. हालांकि इसके लिए बहुत कम समय था, आईसीसी ने मना किया लेकिन बीसीबी अपनी बात पर अड़ा रहा. नतीजा ये हुआ कि आईसीसी ने बांग्लादेश को बाहर कर उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







