'बेटी पर भूत-प्रेत का साया है', झाड़-फूंक के लिए फेमस पुजारी के पास ले गई मां, उसने किया रेप

Feb 10, 2026 - 12:18
 0
'बेटी पर भूत-प्रेत का साया है', झाड़-फूंक के लिए फेमस पुजारी के पास ले गई मां, उसने किया रेप

Kerala Rape News: केरल के कोल्लम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भूत-प्रेत भगाने के बहाने एक लड़की का रेप करने वाले एक  पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है.

आरोपी की पहचान 52 साल के राजन बाबू उर्फ मुरारी तंत्री के रूप में हुई है, जो कोल्लम जिले के पुथुर क्षेत्र के वेंधर गांव का निवासी है. राजन बाबू खुद को ज्योतिषी बताता था और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय था. वह फेसबुक पेज “मुरारी ज्योतिषालयम” के जरिए वीडियो रील्स पोस्ट कर राज्यभर में मशहूर हो गया था. लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उसके पास आते थे और वह उनसे ज्योतिष के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूलता था.

झाड़-फूंक के नाम पर रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, हाल ही में उसी इलाके की एक मां अपनी बेटी को लेकर राजन बाबू के पास पहुंची. महिला ने बताया कि उसकी बेटी पर भूत-प्रेत का साया है और उसे झाड़-फूंक की जरूरत है. इस पर राजन बाबू ने अपने घर पर पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाएं शुरू कीं.

झाड़-फूंक के दौरान उसने लड़की की मां से कहा कि वह कुछ देर बाहर इंतजार करे क्योंकि उसे लड़की के साथ अकेले रहकर विशेष अनुष्ठान करना है. इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और लड़की का रेप किया. कुछ देर बाद जब लड़की बाहर आई तो उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई. यह सुनकर मां स्तब्ध रह गई और तुरंत अपनी बेटी को लेकर पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.

POCSO एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और राजन बाबू के घर के सामने विरोध प्रदर्शन होने लगे. डर के कारण वह फरार होकर एक हॉस्टल में छिप गया था. पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ रेप और POCSO एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

इस मामले पर कुलकड़ पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष आर. राजेश ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राजन बाबू पहले ऑटो चालक था. बाद में उसने एक वरिष्ठ ज्योतिषी से ज्योतिष सीखी और इसे अपना पेशा बना लिया. ज्योतिषी बनने से पहले उसे मुरारी के नाम से जाना जाता था. उन्होंने कहा कि अब तक उसके खिलाफ इस तरह की यह पहली शिकायत सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं और भी लोग उसके शिकार तो नहीं हुए हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.