SCO vs ITA: स्कॉटलैंड का ऐतिहासिक दिन! T20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

Feb 9, 2026 - 17:08
 0

SCO vs ITA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे दिन क्रिकेट फैंस को एक बड़ा और ऐतिहासिक पल देखने को मिला. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई भी एसोसिएट टीम नहीं कर पाई थी. स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक पारी में 200 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली एसोसिएट टीम बन गई है.

टॉस के बाद बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 207 रन बोर्ड पर लगा दिए. टूर्नामेंट के पहले मैच में साधारण प्रदर्शन के बाद यह स्कॉटलैंड की जबरदस्त वापसी थी. शुरुआत से ही टीम का इरादा साफ नजर आया और बल्लेबाजों ने इटली के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया.

मुनसी और मैकमुलन की धमाकेदार बल्लेबाजी

स्कॉटलैंड को तेज शुरुआत दिलाई ओपनर जॉर्ज मुनसी ने. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पावरप्ले में ही आक्रामक तेवर दिखाए और टीम को बिना विकेट गंवाए 49 रन तक पहुंचा दिया. मुनसी ने सिर्फ 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और माइकल जोन्स के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 126 रन की अहम साझेदारी की.

मुनसी ने 54 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें ताकत और संयम दोनों का बेहतरीन मिश्रण दिखा. माइकल जोन्स ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए 30 गेंदों में 37 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद कुछ देर के लिए रन गति धीमी जरुर हुई, लेकिन स्कॉटलैंड ने मैच पर अपनी पकड़ नहीं खोई.

आखिरी ओवरों में रन बरसाए

पारी के अंतिम ओवरों में बची हुई कसर ब्रैंडन मैकमुलन ने पूरी कर दी. उन्होंने इटली के गेंदबाजों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. मैकमुलन 18 गेंदों पर 41 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनके शॉट्स में आत्मविश्वास साफ नजर आया. माइकल लीस्क ने भी आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 5 गेंदों में नाबाद 22 रन जड़ दिए. इन दोनों की तेज बल्लेबाजी की बदौलत स्कॉटलैंड 200 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा और 207/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचा.

इस प्रदर्शन के साथ स्कॉटलैंड ने न सिर्फ मैच में मजबूत स्थिति बनाई, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा लिया है. यह पारी एसोसिएट टीमों के बढ़ते स्तर और आत्मविश्वास का बड़ा सबूत मानी जा रही है. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.