महाराष्ट्र: पवार फैमिली में अभी भी सबकुछ ठीक नहीं! सुनेत्रा के इस कदम से लग रही हैं अटकलें

Jan 31, 2026 - 10:30
 0
महाराष्ट्र: पवार फैमिली में अभी भी सबकुछ ठीक नहीं! सुनेत्रा के इस कदम से लग रही हैं अटकलें

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर पवार परिवार सुर्खियों में है. उपमुख्यमंत्री पद को लेकर लिया गया एक फैसला अब परिवार और पार्टी दोनों के भीतर सवाल खड़े कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का अगला उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय केवल एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेताओं ने लिया, जबकि इस पर पवार परिवार से कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया.

परिवार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इतने बड़े राजनीतिक फैसले से पहले परिवार को भरोसे में लेना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यही वजह है कि भीतरखाने नाराजगी की बात सामने आ रही है. परिवार का साफ कहना है कि उन्हें इस निर्णय की न तो पूर्व जानकारी थी और न ही उनसे कोई राय ली गई.

विधायक दल की बैठक से पहले उभरा विवाद

यह पूरा विवाद शनिवार (31 जनवरी) को होने वाली विधायक दल की अहम बैठक से ठीक पहले सामने आया है. माना जा रहा है कि इसी बैठक में सुनेत्रा पवार के नाम पर आधिकारिक मुहर लग सकती है. अचानक सामने आए इस घटनाक्रम ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है.

शरद पवार से मिले बिना मुंबई रवाना

सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार बिना शरद पवार से मुलाकात किए ही पुणे से मुंबई रवाना हो गईं. इसे पवार परिवार के भीतर जारी दूरी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. इससे यह भी साफ होता है कि परिवार में अभी सबकुछ सामान्य नहीं है.

सूत्रों का दावा है कि सुनेत्रा पवार को कैबिनेट में शामिल करने के फैसले पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट से कोई परामर्श नहीं किया गया. यहां तक कि शरद पवार के परिवार के सदस्यों को भी इस कदम की भनक नहीं थी.

अजित पवार के निधन के बाद बदले हालात

बताया जा रहा है कि अजित पवार के निधन के बाद दोनों एनसीपी गुटों के संभावित विलय की चर्चाएं जरूर तेज हुई थीं, लेकिन सुनेत्रा के उपमुख्यमंत्री बनने के फैसले को इससे जोड़कर नहीं देखा जा रहा. बुधवार को बारामती में हुए विमान हादसे के बाद हालात और संवेदनशील हो गए.

पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना

सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं. शनिवार को उन्हें एनसीपी विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है, जिसके बाद शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो वे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन सकती हैं लेकिन इस उपलब्धि से पहले परिवार और पार्टी के भीतर उठा विवाद उनकी राह को और चुनौतीपूर्ण बना रहा है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.