UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, राकेश टिकैत खुश या निराश? जानें क्या बोले
UGC कानून को लेकर देशभर में चल रहे विरोध और सियासी बयानबाजी के बीच सुप्रीम कोर्ट ने इस कानून पर फिलहाल रोक लगा दी है. अदालत के इस फैसले के बाद किसान नेता राकेश टिकैत की प्रतिक्रिया सामने आई है. टिकैत ने सुप्रीम कोर्ट के कदम को हालात के मद्देनजर सही बताया और कहा कि अगर किसी कानून से समाज में टकराव बढ़ता है, तो उससे नुकसान ही होता है.
'कोर्ट ने हालात देखकर फैसला लिया'
राकेश टिकैत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट सब कुछ जानता है. उसने देखा कि लोग सड़कों पर हैं और कई संगठनों में नाराजगी है. ऐसे में अदालत ने समय रहते दखल दिया. टिकैत के मुताबिक किसी भी कानून से अगर झगड़े बढ़ते हैं और समाज में तनाव पैदा होता है, तो सरकार को उस पर दोबारा सोचने की जरूरत होती है.
समाज में तनाव बढ़ने की आशंका
किसान नेता ने कहा कि UGC कानून से समाज में खिंचाव और टकराव बढ़ सकता है. इससे जातियों के बीच तनाव और हिंसा की स्थिति भी बन सकती है. उन्होंने कहा कि देश में अभी आपसी तालमेल बना हुआ है और उसे बिगाड़ने की कोई जरूरत नहीं है. देश को धीरे-धीरे, संविधान और कानून के दायरे में रहकर आगे बढ़ाना चाहिए.
जनसंख्या नियंत्रण पर सख्त बयान
जनसंख्या नियंत्रण के मुद्दे पर राकेश टिकैत ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि आने वाले 50 से 100 सालों में जनसंख्या विस्फोट होगा, जिसे संभालना मुश्किल हो जाएगा. टिकैत ने यहां तक कहा कि दो बच्चों से ज्यादा होने पर सख्त कानून बनना चाहिए.
उनके मुताबिक तीसरे बच्चे पर 10 साल और चौथे बच्चे पर 20 साल की सजा का प्रावधान होना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार को जातियों में लोगों को बांटने की बजाय जनसंख्या नियंत्रण पर ध्यान देना चाहिए.
राकेश टिकैत ने मौजूदा राजनीति पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज की राजनीति जनता को उलझाकर देश की संपत्ति लूटने का जरिया बन गई है.
उन्होंने दावा किया कि देश का संविधान दुनिया के सबसे बेहतरीन संविधानों में से एक है, लेकिन कुछ बड़े उद्योगपतियों ने राजनीतिक दलों पर कब्जा कर लिया है. टिकैत ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरना, प्रदर्शन और आवाज उठाते रहें.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







