Republic Day 2026 पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखी चिट्ठी, यूुपी वालों से कर दी बड़ी अपील
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने एक पत्र में लिखा, 'मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, हमारा संविधान हमें स्वतंत्रता, समता, न्याय और बंधुत्व का अमूल्य उपहार प्रदान करता है. ये संवैधानिक मूल्य हमारे लोकतंत्र की आत्मा हैं. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार इन मूल्यों को केंद्र में रखकर एक ऐसे उत्तर प्रदेश का निर्माण कर रही है, जहाँ अन्नदाताओं के खेत लहलहा रहे हैं, महिलाएँ सशक्त होकर आत्मनिर्भर बन रही हैं, युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूर्ण पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुँच रहा है.
सीएम ने लिखा कि आज उत्तर प्रदेश डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान की मूल भावना के अनुरूप सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और सर्वांगीण विकास के पथ पर दृढ़ता से अग्रसर है.
उन्होंने लिखा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ संविधान हमें इस महान राष्ट्र की लंबी संवैधानिक यात्रा और लोकतंत्र की शक्ति का स्मरण कराता है. लोकतांत्रिक आदर्शों और ‘विविधता में एकता’ के संवैधानिक मार्गदर्शक मूल्यों को आधार बनाकर हम सशक्त, समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ समरस एवं समतामूलक राज्य के निर्माण में जुटी है. हमारा संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त अनुभव करे.
युवाओं से की ये अपील
सीएम ने लिखा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर मैं विशेष रूप से प्रदेश के युवाओं से आह्वान करता हूँ कि वे संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प लें. संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ और राष्ट्र निर्माण की सभी गतिविधियों में उत्कृष्टता की ओर अग्रसर हों, जिससे देश निरंतर उपलब्धियों की नई ऊँचाइयों को छुए.
उन्होंने लिखा कि आपके परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रभावना के साथ हम ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करेंगे. सभी प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







