BMC Election: मतदान में स्याही की जगह मार्कर का इस्तेमाल? उद्धव ठाकरे गुट ने उठाए सवाल, सतर्क रहने की अपील
शिवसेना (यूबीटी) के नेता साईंनाथ दुर्गे ने आज के मतदान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उनका आरोप है कि मतदान के बाद उंगली पर लगाई जाने वाली स्थायी स्याही की जगह मार्कर पेन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो आसानी से मिटाया जा सकता है.
साईंनाथ दुर्गे ने इसे चुनावी पारदर्शिता से जुड़ा अहम मुद्दा बताते हुए सभी शिवसैनिकों, महाराष्ट्र सैनिकों और शिवशक्ति के कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की है.
उंगली पर स्याही नहीं, मार्कर का इस्तेमाल
साईंनाथ दुर्गे का कहना है कि कई मतदान केंद्रों पर उंगली पर स्याही लगाने के बजाय मार्कर पेन से निशान लगाया जा रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि अगर यह निशान आसानी से मिट जाता है, तो इसका गलत फायदा उठाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों पर इस बात पर खास नजर रखनी चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए.
नाखून से पोंछी जा रही स्याही
इस मुद्दे पर मुंबई महानगरपालिका प्रशासन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. प्रशासन के मुताबिक, उंगली पर मार्कर लगाने के दौरान नाखून पर लगी स्याही को पोंछा जा रहा है, ताकि सिर्फ उंगली पर निशान रहे. महानगरपालिका आयुक्तों ने इस प्रक्रिया की पुष्टि की है और कहा है कि यह तय मानकों के तहत किया जा रहा है.
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्याही के बजाय जो मार्कर किट इस्तेमाल की जा रही है, वह राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई है. निर्वाचन आयोग के अनुसार यह मार्कर कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि वर्ष 2012 से स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में इसका उपयोग किया जा रहा है.
सतर्क रहने की अपील
हालांकि आयोग और प्रशासन ने प्रक्रिया को सही बताया है, लेकिन शिवसेना (यूबीटी) ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे हर स्तर पर सतर्क रहें. पार्टी का कहना है कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी रहें, इसके लिए जमीनी स्तर पर निगरानी जरूरी है, ताकि कोई भी व्यक्ति स्याही या निशान मिटाकर दोबारा मतदान करने की कोशिश न कर सके.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







