Maharashtra: देवर-भाभी के रिश्ते का बताया राज, चाचा ने 13 साल के लड़के को कुल्हाड़ी से काटा, तालाब में फेंका शव
Maharashtra News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के तुलजापुर तालुका के तामलवाड़ी से बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपने 13 साल के भतीजे की केवल इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह अपने पिता को उसकी मां और चाचा के अवैध संबंधों के बारे में बताता था. पुलिस ने आरोपित चाचा को महज़ 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है.
अपनी भाभी के साथ खेत में काम करता था शख्स
तामलवाड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सामने आई इस घटना में आरोपी चाचा ओमकार कांबले अपनी भाभी के साथ एक खेत में नौकर के रूप में काम कर रहा था. भाभी ज्योति कांबले का बेटा कृष्णा कभी पिता के पास गांव में रहता था तो कभी मां के साथ खेत में. कृष्णा को अपनी मां और चाचा के अवैध संबंधों की जानकारी थी और वह यह बात अपने पिता सदानंद कांबले को बताता था.
इसी वजह से चाचा को डर था कि यह रिश्ता उजागर हो जाएगा और उसकी मुश्किलें बढ़ जाएगी. यह डर और गुस्सा धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि उसने अपने ही भतीजे की जान लेने का फैसला कर लिया.
कुल्हाड़ी से वार कर की गई हत्या
1 जनवरी को दोपहर के करीब 12 बजे आरोपी ओमकार ने योजना बनाकर कृष्णा को तामलवाड़ी साठवन तालाब के पास ले गया. उसने बहाने से कहा कि पानी निकालने वाले विद्युत पंप का पाइप लगाने में उसकी मदद करनी है. तालाब किनारे पहुंचते ही ओमकार ने कृष्णा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले के कारण कृष्णा बच नहीं सका और वहीं उसकी मौत हो गई. हत्या करने के बाद आरोपी ने कृष्णा का शव तालाब किनारे घास के नीचे छिपाकर वहां से फरार हो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद तामलवाड़ी और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था, लेकिन शव मिलने के बाद और जांच में बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को हत्या की आशंका हुई. तामलवाड़ी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल रिकॉर्ड और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी ओमकार देविदास कांबले की तलाश शुरू की. कुछ ही घंटों में पुलिस को पता चला कि वह उमरगा तालुका के कोल्सुर गांव में छिपा हुआ है. पुलिस टीम ने उसे वहां से हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान कबूला अपना गुनाह
पूछताछ के दौरान ओमकार ने अपना गुनाह कबूल किया. उसने स्वीकार किया कि कृष्णा उसके और भाभी के अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने यह कदम उठाया. तामलवाड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पर उचित धाराओं में कार्रवाई जारी है. घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला. लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक चाचा ने केवल अपने अवैध संबंध छिपाने के लिए अपने भतीजे की जान ले ली.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







