IND vs SA: विशाखापत्तनम में कैसा है विराट कोहली का रिकॉर्ड? क्या लगेगी शतकों की हैट्रिक?

Dec 5, 2025 - 13:22
 0
IND vs SA: विशाखापत्तनम में कैसा है विराट कोहली का रिकॉर्ड? क्या लगेगी शतकों की हैट्रिक?

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. रायपुर में मिली हार के बाद टीम इंडिया के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ से कम नहीं है. सीरीज इस समय 1-1 से बराबरी पर है और दोनों टीमें जीत के साथ खिताब पर कब्जा जमाना चाहेंगी. इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण एक बार फिर विराट कोहली होंगे, जिन्होंने पहले दोनों वनडे में शतक जड़कर अपनी लय और क्लास का शानदार नमूना पेश किया है.

विशाखापट्टनम में कोहली का सुनहरा रिकॉर्ड

विराट कोहली ने विशाखापट्टनम में अपने वनडे करियर में अभी तक 7 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 97.83 की शानदार औसत से 587 रन बनाए हैं. यहां उनके नाम 3 शतक और 2 अर्धशतक दर्ज हैं. इतना ही नहीं, इस मैदान पर एक बार उन्होंने 99 रन की बदकिस्मत पारी भी खेली थी. उनका इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 157 रन है, जो दर्शाता है कि विशाखापट्टनम कोहली के पसंदीदा मैदानों में से एक है.हालांकि एक मैच में वो कोई रन नही बना पाए थे, लेकिन ज्यादातर मौकों पर वे यहां पूरी तरह हावी रहे हैं.

लगेगी शतकों की दूसरी हैट्रिक

कोहली ने रांची और रायपुर में खेले गए पहले दो मैचों में शतक लगाकर सीरीज में जबरदस्त आगाज किया है. यदि वह विशाखापट्टनम में भी शतक जड़ते हैं तो यह उनके करियर की दूसरी शतक हैट्रिक होगी. इससे पहले 2018 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन वनडे में शतक लगाए थे- गुवाहाटी, विशाखापत्तनम और पुणे में. अब एक बार फिर उनके पास इतिहास रचने का मौका है.

वर्तमान समय में वनडे क्रिकेट में सिर्फ बाबर आजम ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने दो बार लगातार तीन शतक लगाने का कारनामा किया है. कोहली के पास इस सूची में शामिल होने का बेहतरीन मौका है.

सीरीज में दिख रहा कोहली का नया रूप

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में विराट कोहली का बल्लेबाजी स्टाइल काफी आक्रामक दिखाई दे रहा है. जहां पहले वह शुरुआत में पारी को सेट करने पर ध्यान देते थे, वहीं अब वह आते ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. पहले मैच में उन्होंने शुरुआती 20 गेंदों में ही दो छक्के लगा दिए थे. रायपुर में उन्होंने अपना खाता भी छक्के से खोला. यह साफ दिखाता है कि कोहली आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और फॉर्म के चरम पर हैं.

क्या विशाखापट्टनम में फिर चमकेगा विराट?

टीम इंडिया को तीसरे वनडे में जीत चाहिए और कोहली जिस जबरदस्त लय में हैं, उससे उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं. विशाखापट्टनम हमेशा कोहली के लिए लकी रहा है और अब सबकी निगाहें उनके ऊपर हैं. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.