यूपी में बिजली मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के बीच टकराहट? अखिलेश यादव ने शेयर कर दिया वीडियो

Jun 21, 2025 - 12:47
 0
यूपी में बिजली मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के बीच टकराहट? अखिलेश यादव ने शेयर कर दिया वीडियो

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के हरदोई मेडिकल कॉलेज में बिजली की कटौती के कारण आईसीयू वार्ड में मरीजों और उनके तीमारदारों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इसक एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बिजली गुल होने के कारण तीमारदार हाथ से पंखा झलकर मरीजों को गर्मी से बचा रहे हैं. अब इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-"अब क्या बिजली मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री जी के बीच भी कुछ टकराहट है, जिसके कारण स्वास्थ्य मंत्री जी के अपने जनपद हरदोई में मेडिकल कॉलेज की अलग लाइन होने के बावजूद भी आईसीयू वार्ड तक में बिजली न आने की खबरें बनीं. बीमार तो बीमार, जो तीमारदारी कर रहे हैं, वो भी पंखा हिलाते-हिलाते ‘गर्मी-घुटन-उमस’ से बेहाल और बीमार हो रहे हैं."

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आगे लिखा-"हमारा ‘स्वास्थ्य मंत्री’ जी से फिर से आग्रह है कि इधर-उधर की राजनीति छोड़ें और यहाँ-वहाँ के भागदौड़ की भी, उससे कुछ भी हासिल नहीं होगा, अगर उनके पास निरर्थक रेस में दौड़ने-भागने का इतना ही अतिरिक्त समय है तो अपने विभाग पर अतिरिक्त ध्यान दें, वैसे भी ‘वो’ तो तीसरे नंबर पर भी नहीं हैं, क्योंकि सुना है कि ‘प्रतीक्षारत’ की सूची में औरों का नाम भी जुड़ गया है. मोहरे बिछा दिये गये हैं, बस शह देना बाकी है. डिब्बे बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन इंजन फेल है."

अखिलेश यादव द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो ने एक बार फिर से यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं हरदोई मेडिकल कॉलेज में बिजली की कटौती का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई की. इसके बाद अस्पताल में बिजली की आपूर्ति बहाल की गई है लेकिन जानकारी के अनुसार यहां पर जनरेटर की कमी सबसे बड़ी समस्या है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.