Telegram पर आए ऐसे फीचर्स कि WhatsApp छोड़ने का मन करेगा, नए अपडेट से चैटिंग का मजा दोगुना

Jun 5, 2025 - 11:38
 0
Telegram पर आए ऐसे फीचर्स कि WhatsApp छोड़ने का मन करेगा, नए अपडेट से चैटिंग का मजा दोगुना

भारत में चैटिंग के लिए WhatsApp भले ही सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता हो, लेकिन Telegram भी अब खुद को एक दमदार विकल्प के तौर पर पेश कर रहा है. हाल ही में Telegram ने अपना नया अपडेट (v11.12.0) लॉन्च किया है, जिसमें कुछ ऐसे खास और यूज़र-फ्रेंडली फीचर्स जोड़े गए हैं कि आप भी सोचेंगे कि “क्या वाकई WhatsApp से बेहतर है Telegram?” आइए जान लेते हैं इन नए फीचर्स के बारे में जो चैटिंग के अंदाज को पूरी तरह से बदल सकते हैं.

अब सीधे कर सकेंगे Channel Admin से बात, बिना नंबर दिए

Telegram का लेटेस्ट फीचर आपको किसी भी चैनल के एडमिन से डायरेक्ट मैसेज (DM) भेजने की सुविधा देता है. खास बात यह है कि इसके लिए आपको अपना मोबाइल नंबर शेयर करने की ज़रूरत नहीं होगी. चैट करने का एक अलग इंटरफेस मिलेगा जिससे सब कुछ प्राइवेट और सुरक्षित रहेगा.

अगर चैनल के मालिक ने ये ऑप्शन चालू किया है, तो चैनल के नीचे मैसेज आइकन दिखेगा, बस उसी पर टैप करके आप एडमिन से डायरेक्ट बात कर सकते हैं और मजे की बात ये है कि एडमिन अगर चाहे तो इन मैसेजेस पर चार्ज भी लगा सकता है, जिससे बात करना और भी व्यवस्थित हो जाएगा.

ग्रुप्स में बातचीत अब होगी और भी आसान 

Telegram ने बड़े ग्रुप्स में चल रही ढेर सारी बातचीत को सुलझाने के लिए ग्रुप टॉपिक्स को टैब लेआउट में दिखाना शुरू कर दिया है. अब आप हर टॉपिक को अलग टैब में देख सकते हैं बिलकुल किसी वेबसाइट की तरह. इससे बातचीत ट्रैक करना आसान हो जाएगा, खासकर उन ग्रुप्स में जहां कई विषयों पर एक साथ चर्चा होती है.

इस सेटिंग को ऑन करने के लिए आपको ग्रुप की सेटिंग्स में जाकर "Topics" सेक्शन में टैब मोड चालू करना होगा.

वॉइस मैसेज रिकॉर्डिंग में मिल गई है कटिंग-छंटाई की आज़ादी

अगर आप वॉइस मैसेज भेजते समय गलती कर बैठते हैं, तो अब घबराने की ज़रूरत नहीं है. Telegram ने नया वॉइस मैसेज ट्रिमिंग फीचर जोड़ा है जिससे आप रिकॉर्ड किए हुए ऑडियो के खराब हिस्से को आसानी से हटा सकते हैं.

रिकॉर्डिंग करते वक्त अगर आप ऊपर की ओर स्वाइप करेंगे, तो लॉकिंग के साथ-साथ ट्रिमिंग का ऑप्शन भी मिल जाएगा. इतना ही नहीं अब आप रिकॉर्डिंग को बीच में पॉज़ करके दोबारा शुरू भी कर सकते हैं, जिससे मैसेज और भी प्रोफेशनल लगेगा.

HD क्वालिटी में फोटो भेजने का नया तरीका

अब Telegram पर भी आप फोटो को High Definition (HD) क्वालिटी में भेज सकते हैं. यानी फोटो की डिटेल्स अब धुंधली नहीं, बिल्कुल शार्प दिखेंगी. इस फीचर की खास बात ये है कि HD फोटो भेजने के बावजूद फाइल साइज छोटा (0.5 MB से कम) रहेगा, जिससे स्पीड भी बनी रहेगी. फोटो भेजते वक्त अगर आप एडिट स्क्रीन पर SD के ऑप्शन को HD में बदल देंगे या अटैचमेंट मेन्यू से "Send in High Quality" चुनेंगे, तो आपकी फोटो बेहतरीन क्वालिटी में सामने वाले को दिखेगी.

अब फैसला आपका

Telegram ने जो नए फीचर्स पेश किए हैं, वे न सिर्फ टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ने का संकेत हैं, बल्कि यह भी दिखाते हैं कि यूजर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ये बदलाव किए गए हैं. चाहे वो चैनल एडमिन से सीधी बात करने की सुविधा हो, वॉइस मैसेज की एडिटिंग हो या फिर HD फोटो भेजने का नया अंदाज हर फीचर WhatsApp को कड़ी टक्कर दे रहा है.

तो अब Telegram सिर्फ एक ऑप्शन नहीं, बल्कि एक शानदार चैटिंग एक्सपीरियंस का नाम बनता जा रहा है. क्या आप तैयार हैं WhatsApp को अलविदा कहने के लिए?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.