शिमला में चिट्टा तस्करों पर बड़ा एक्शन, UP से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, पंजाब-चंडीगढ़ तक जुड़े तार
हिमाचल प्रदेश में युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले 'चिट्टे' (ड्रग्स) के सौदागरों पर शिमला पुलिस ने अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है. पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है.
रोहड़ू और कोटखाई में दर्ज एनडीपीएस (NDPS) के मामलों की गहन जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ तक फैली चिट्टा सप्लाई चेन को ट्रेस करते हुए मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर लिया है.
यूपी से सलमान हैदर और पंजाब से थोमस मसीह गिरफ्तार
एएसपी शिमला (हेडक्वार्टर) अभिषेक ने प्रेस वार्ता में बताया कि थाना रोहड़ू में दर्ज एक मामले में पुलिस ने 53 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपियों को पकड़ा था. जब पुलिस ने उनकी कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला, तो पता चला कि यह मुख्य आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश निवासी सलमान हैदर के जरिए चिट्टा मंगवाकर रोहड़ू क्षेत्र में बेच रहा था. पुलिस टीम ने तुरंत यूपी में दबिश देकर मुख्य सप्लायर सलमान हैदर को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद जांच के तार पंजाब तक जुड़े. आर्थिक लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब के गुरदासपुर से एक और बड़े सप्लायर थोमस मसीह को भी दबोच लिया गया.
पिस्टल और 'आइस' के साथ जुड़े चंडीगढ़ के तार
एएसपी अभिषेक ने बताया कि दूसरा मामला थाना कोटखाई का है, जहां पुलिस ने आरोपियों को पिस्टल, मेथ क्रिस्टल आइस (Meth Crystal Ice) और हेरोइन के साथ पकड़ा था. इस मामले में जब आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो चंडीगढ़ तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य सप्लायर गोलू (निवासी दड़ूमाजरा, चंडीगढ़) को गिरफ्तार कर लिया है.
2026 में ध्वस्त किए गए 24 बड़े नशा नेटवर्क
शिमला पुलिस नशा तस्करों की जड़ें काटने के लिए 'बैकवर्ड लिंकेज' (Backward Linkages) पर फोकस कर रही है, यानी छोटे पेडलरों को पकड़ने के बाद उनके मुख्य आकाओं तक पहुंचा जा रहा है. एएसपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो पिछले कई वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है.
पुलिस ने अब तक 24 बड़े नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए हैं. इन तस्करों की सप्लाई चेन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल तक फैली हुई थी. शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह 'जीरो टॉलरेंस' अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा.
हिमाचल में बादल फटने की घटनाओं का होगा वैज्ञानिक अध्ययन, CM सुक्खू ने HPU सेंटर को दिए निर्देश
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







