BMC Budget: आज पेश होगा BMC 2026-27 का बजट, प्रभाकर शिंदे करेंगे पेश, इन प्रोजेक्ट्स पर रहेगा जोर

Feb 25, 2026 - 11:22
 0
BMC Budget: आज पेश होगा BMC 2026-27 का बजट, प्रभाकर शिंदे करेंगे पेश, इन प्रोजेक्ट्स पर रहेगा जोर

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की सभी अहम समितियों के चुनाव पूरे होने के बाद वित्त वर्ष 2026-27 का बजट बुधवार (25 फरवरी) को स्थायी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे को प्रस्तुत करेंगे. आम तौर पर बीएमसी बजट हर साल फरवरी के पहले सप्ताह में, 5 फरवरी से पहले पेश किया जाता है, लेकिन इस बार नगर निगम चुनाव प्रक्रिया में देरी के कारण बजट पेश करने में विलंब हुआ.

पहली बार होने जा रहा है ये काम

खास बात यह है कि पिछले चार वर्षों में यह पहला मौका होगा जब बीएमसी का बजट किसी निर्वाचित निकाय के समक्ष पेश किया जाएगा. पिछले तीन बजट प्रशासक शासन के दौरान पारित किए गए थे.

सूत्रों के अनुसार, 2026-27 का बजट आकार पिछले वर्ष के 74,427.41 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है. वर्ष 2025-26 का बजट 65,180.79 करोड़ रुपये था, जिसमें 14.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी.

कोई नया इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं होगा घोषित

इस बार कोई नई बड़ी आधारभूत (इंफ्रास्ट्रक्चर) परियोजना घोषित किए जाने की संभावना नहीं है. इसके बजाय, पहले से चल रही बड़ी परियोजनाओं जैसे गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड सुरंग परियोजना और मुंबई कोस्टल रोड के उत्तरी चरण के लिए अधिक धन आवंटित किए जाने की उम्मीद है.

बीएमसी नगर निगम बॉन्ड जारी करने की योजना पर भी काम कर रही है, ताकि अपनी बढ़ती आधारभूत परियोजनाओं के लिए धन जुटाया जा सके. हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के नगर बॉन्ड पर 100 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा के बाद बीएमसी को इससे लाभ मिल सकता है. फिलहाल निगम बॉन्ड जारी करने से पहले आवश्यक मान्यता और क्रेडिट रेटिंग की प्रक्रिया में है.

घट सकती है फिक्स्ड डिपॉजिट राशि

सूत्रों के मुताबिक, बीएमसी की देनदारियां 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं. वहीं, लगभग 80,000 करोड़ रुपये की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) राशि चालू वित्त वर्ष के अंत तक घटकर करीब 77,000 करोड़ रुपये रह सकती है, क्योंकि बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए इन निधियों का उपयोग किया जा रहा है.

मेयर ऋतु तावड़े ने दिया सुझाव

इस बीच, मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने शहर के चार प्रमुख प्रवेश बिंदुओं ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, मुलुंड चेक नाका, वाशी-मांखुर्द रोड और दहिसर चेक नाका पर भव्य प्रवेश द्वार, सौंदर्यीकरण और घड़ी टावर बनाने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल करने का सुझाव दिया है.

गौरतलब है कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुलुंड के पार्षद प्रभाकर शिंदे को स्थायी समिति का अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया. स्थायी समिति बीएमसी की सबसे प्रभावशाली वैधानिक संस्था है, जो सभी प्रमुख वित्तीय प्रस्तावों की जांच और मंजूरी देती है. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.