PAK vs USA: 2024 की हार नहीं भूला पाकिस्तान, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA से फिर होगी टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को कोलंबो में पाकिस्तान और अमेरिका (USA) की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने की लड़ाई नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के लिए 2024 की उस चौंकाने वाली हार की यादें मिटाने का भी मौका है. अमेरिका ने वर्ल्ड कप डेब्यू में ही पाकिस्तान को हराकर पूरी क्रिकेट दुनिया को हैरान कर दिया था. इस बार पाकिस्तान उस हार का हिसाब चुकता करने उतरेगा जबकि अमेरिका के पास एक और बड़ा उलटफेर करने का मौका होगा.
पाकिस्तान के लिए बल्लेबाजी बनी चिंता का कारण
पाकिस्तान ने अपने पिछले मुकाबले में नीदरलैंड्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन मिडिल ऑर्डर में अचानक विकेट गिरने से टीम लड़खड़ा गई. फहीम अशरफ ने अंत में टीम को मैच जिताया था, मगर यह जीत भी कई सवाल छोड़ गई. कप्तान सलमान अली आगा ने साफ कहा है कि टीम को दबाव में बेहतर फैसले लेने होंगे और जो बल्लेबाज टिक जाए, उसे बड़ी पारी खेलनी होगी.
इस मैच में बाबर आजम पर खास नजर रहेगी. टी20 फॉर्मेट में वापसी के बाद उनसे अब तक बड़ी पारी नहीं आई है. ओपनर साइम अयूब से भी टीम को ज्यादा योगदान की उम्मीद है, जो हाल के मैचों में गेंदबाजी से तो असरदार रहे हैं, लेकिन बल्ले से निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं.
अमेरिका का आत्मविश्वास बरकरार
अमेरिका ने अपने पहले मैच में भारत को कड़ी टक्कर दी थी. गेंदबाजी में उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन को दबाव में रखा था. हालांकि बल्लेबाजी में उनकी टीम को पावरप्ले के दौरान गैरजरूरी शॉट्स खेलने का खामियाजा भुगतना पड़ा. कप्तान मोनांक पटेल ने भी खुद माना था कि शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम की योजना बिगड़ गई थी.
गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका मूल के शैडली वान शाल्कविक अमेरिका की ताकत बने हुए हैं. वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रावलकर भारत के खिलाफ फीके रहे थे. अब वह भी पाकिस्तान के खिलाफ वापसी करना चाहेंगे. टीम के लिए चिंता की बात अली खान की फिटनेस है, जो पिछले मैच में चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे.
मैच में दिखेगा रोमांच
अमेरिका की टीम श्रीलंका की परिस्थितियों को जान चुकी है. उनकी टीम ने टूर्नामेंट से पहले यहीं अभ्यास किया था. ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं होगा. एक ओर बदले की चाह, दूसरी ओर आत्मविश्वास से भरी अमेरिकी टीम, कोलंबो में होने वाला यह मैच टूर्नामेंट के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक साबित हो सकता है.
USA की टीम
मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह, एंड्रीज गाउस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नॉस्थुश केनजिगे, शैडली वैन शाल्कवाइक, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन
पाकिस्तान टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफाय, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







