बिहार के रोहतास में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, नाच के दौरान चली गोली, मंच पर ही युवक की मौत

Feb 7, 2026 - 16:20
 0
बिहार के रोहतास में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, नाच के दौरान चली गोली, मंच पर ही युवक की मौत

बिहार के रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढनडीह गांव में शनिवार (7 फरवरी) की तड़के एक विवाह समारोह उस समय शोकसभा में तब्दील हो गया, जब बारात में आयोजित नाच के दौरान गोली चलने से एक युवक की मंच पर ही मौत हो गई. यह दुखद घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है. गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई और विवाह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.

नाच के दौरान मंच पर हुआ विवाद

घटना में मृतक की पहचान ढोढनडीह गांव निवासी 24 साल के वीर बहादुर सिंह के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, गांव के ही मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी थी. जिसकी शुक्रवार (6 फरवरी) की शाम भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत यादवपुर गांव से बारात आई थी. परंपरागत रीति-रिवाजों के तहत रात भर विवाह कार्यक्रम चलता रहा और सुबह नाच का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव के लोग और बाराती बड़ी संख्या में शामिल थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाच के दौरान वीर बहादुर सिंह मंच पर नर्तकी के साथ नाचने पहुंचे और उस पर पैसे लुटा रहे थे. इसी दौरान उनका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया. वीर बहादुर ने उसे मंच से हटने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही घटना ने भयावह रूप ले लिया.

आरोपी ने तीन गोलियां चलाकर, युवक को उतारा मौत के घाट

बताया जाता है कि विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक रिवॉल्वर निकाल ली और ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं. गोली लगते ही वीर बहादुर सिंह मंच पर ही गिर पड़े. वहां मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. गोलियों की आवाज से कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.

घटना के बाद पुलिस ने मंच के आसपास बिखरे हुए नोट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है. गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और पुलिस को तत्काल अलर्ट कर दिया गया.

चार थानों की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची 

घटना की गंभीरता को देखते हुए सूर्यपुरा थाना, नटवार थाना, भानस ओपी और दावथ थाना की पुलिस इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया.

घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है. प्रारंभिक जांच में गोली चलाने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है. साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र कर रही है.

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है. आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.