अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र से दिल्ली तक शोक, पीएम मोदी-अमित शाह ने लगाया CM फडणवीस को फोन

Jan 28, 2026 - 11:46
 0
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र से दिल्ली तक शोक, पीएम मोदी-अमित शाह ने लगाया CM फडणवीस को फोन

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन हादसे की खबर सामने आने के बाद महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक शोक की लहर दौड़ गई है. महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात की और घटना की पूरी जानकारी ली. महाराष्ट्र सरकार ने यह जानकारी दी है. इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पांच अन्य लोगों की मौत हो गई.

मुंबई से बारामती जा रहा था विमान
फ्लाइट से जुड़ी जानकारी के अनुसार यह विमान सुबह 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और इसे 8:50 बजे बारामती एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले, सुबह 8:48 बजे हादसा हो गया. बताया गया है कि लियर जेट 45 विमान (VT-SSK) जब बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी वह रनवे से फिसल गया और हादसे के बाद उसमें आग लग गई. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने पुष्टि की है कि विमान में कुल 6 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई.

जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे अजित पवार
अजित पवार पुणे जिले के अपने गृह क्षेत्र बारामती जा रहे थे. उन्हें जिला परिषद चुनाव से पहले चार जनसभाओं को संबोधित करना था. पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल ने बताया, 'अब तक छह शव अस्पताल भेजे जा चुके हैं. हादसे के तुरंत बाद पहले तीन शव बरामद किए गए थे.' अजित पवार के करीबी सहयोगी किरण गुर्जर ने भी पुष्टि की है कि अजित पवार समेत सभी छह लोगों को मृत अवस्था में लाया गया.'

एयरपोर्ट मैनेजर ने क्या बताया
बारामती एयरपोर्ट के मैनेजर शिवाजी तावड़े ने बताया कि 'विमान VT-SSK लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह रनवे से किनारे चला गया और टकराते ही उसमें विस्फोट हो गया. यह विमान मुंबई से चार्टर किया गया लियर जेट 45 था.'

हाल ही में बदला था एयरपोर्ट का संचालन
बारामती एयरपोर्ट पहले एक निजी कंपनी के पास था, लेकिन हाल ही में इसका संचालन महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी को सौंपा गया था. हादसे को लेकर जांच जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.