गणतंत्र दिवस पर महाराजगंज के 7 पुलिसकर्मियों को मिलेगा सेवा पदक, DM करेंगे सम्मानित

Jan 26, 2026 - 11:13
 0
गणतंत्र दिवस पर महाराजगंज के 7 पुलिसकर्मियों को मिलेगा सेवा पदक, DM करेंगे सम्मानित

गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद महाराजगंज के सात पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सेवा पदकों से सम्मानित किया जाएगा. चयनित पुलिसकर्मियों को यह सम्मान सोमवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य रैतिक परेड के दौरान मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा प्रदान किया जाएगा. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज सोमेंद्र मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे.

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने चयनित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं अनुकरणीय सेवा का प्रतीक है. इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और अन्य पुलिसकर्मियों को भी कर्तव्य के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.

इन्हें मिलेगा सेवा पदक

अति उत्कृष्ट सेवा पदक से रेडियो उपनिरीक्षक सुनील कुमार विश्वकर्मा, हेड कांस्टेबल एमटी चन्द्रशेखर यादव, मुख्य आरक्षी चालक संतोष कुमार गुप्ता तथा मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस जयकिशुन को सम्मानित किया जाएगा. वहीं उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए निरीक्षक नागरिक पुलिस रामकृष्ण यादव, मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस वीरेन्द्र कुमार यादव एवं मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस सुनील कुमार चौधरी का चयन किया गया है.

रविवार को परेड का अभ्यास किया गया

उधर, गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाली रैतिक परेड की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को जनपद महाराजगंज की पुलिस लाइन में ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया गया था. रिहर्सल के दौरान परेड में शामिल सभी टोलियों ने अनुशासन एवं तालमेल के साथ अभ्यास किया था.

रैतिक परेड में कुल नौ टोलियों ने भाग लिया, जिनमें पुलिस ऑफिस, महिला पुलिस, पीएसी, एनसीसी कैडेट सहित जनपद पुलिस की विभिन्न टोलियां शामिल रहीं. इसके साथ ही मोटरसाइकिल दस्ता, एंटी ह्यूमन ट्रैफिक थाना, महिला थाना, अग्निशमन विभाग, एसओजी, रेडियो शाखा एवं पुलिस विभाग की अन्य सहयोगी शाखाओं ने भी रिहर्सल में सहभागिता की. रैतिक परेड के लिए क्षेत्राधिकारी फरेंदा को प्रथम परेड कमांडर तथा प्रतिसार निरीक्षक को द्वितीय परेड कमांडर नामित किया गया है. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.