बीमा के 1 करोड़ पाना चाहता था शख्स, दूसरे व्यक्ति को मारकर अपनी कार में जलाया, गर्लफ्रेंड की वजह से पकड़ा गया

Dec 16, 2025 - 12:56
 0
बीमा के 1 करोड़ पाना चाहता था शख्स, दूसरे व्यक्ति को मारकर अपनी कार में जलाया, गर्लफ्रेंड की वजह से पकड़ा गया

Maharashtra News: महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने जीवन बीमा की रकम पाने के लिए अपनी ही मौत का नाटक रच दिया. आरोपी का नाम गणेश चव्हाण है, जिसने करीब एक करोड़ रुपये का जीवन बीमा कराया था. उसका इरादा इस रकम से अपने घर का लोन चुकाने का था, लेकिन बीमा की रकम तभी मिलती जब उसकी मौत हो जाती. इसी सोच ने उसे एक बेहद खतरनाक और अमानवीय रास्ते पर डाल दिया.

सड़क से दी लिफ्ट, फिर उतारा मौत के घाट

पुलिस जांच में सामने आया कि गणेश ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए सड़क से एक व्यक्ति को लिफ्ट दी. उस व्यक्ति का नाम गोविंद यादव था. गोविंद नशे की हालत में था. गणेश ने इसी कमजोरी का फायदा उठाया. रास्ते में एक जगह कार रोककर गोविंद को खाना खाने दिया, फिर वह गहरी नींद में सो गया. इसके बाद गणेश ने उसे खींचकर ड्राइवर की सीट पर बिठा दिया और कार में आग लगा दी.

कुछ समय बाद पुलिस को एक जली हुई कार और उसमें एक बुरी तरह जला हुआ शव मिला. कार से मालिक के कागजात भी बरामद हुए, जिससे शव की पहचान गणेश चव्हाण के रूप में की गई. पुलिस ने उसके परिवार को सूचना दी. परिवार ने भी बताया कि गणेश घर नहीं लौटा और उसका फोन बंद है. शुरुआती जांच में सबको यही लगा कि गणेश की जलकर मौत हो गई है.

शक की सुई दूसरी दिशा में घूमी

हालांकि जांच के दौरान कुछ बातें पुलिस को खटकने लगीं. मौत की परिस्थितियां पूरी तरह साफ नहीं थीं. इसी बीच पुलिस को गणेश की गर्लफ्रेंड के बारे में पता चला. जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि घटना के बाद भी गणेश ने उससे संपर्क किया था, लेकिन एक दूसरे मोबाइल नंबर से. यहीं से पूरा मामला पलट गया.

पुलिस ने उस दूसरे मोबाइल नंबर को ट्रैक किया और गणेश तक पहुंच गई. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सख्त पूछताछ की गई. पूछताछ में गणेश टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि उसने जानबूझकर अपनी कलाई का ब्रेसलेट कार में छोड़ दिया था ताकि पुलिस और परिवार को यकीन हो जाए कि वह मर चुका है.

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, यह पूरी वारदात बेहद सोच-समझकर रची गई थी, लेकिन गर्लफ्रेंड को किए गए मैसेज उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुए. फिलहाल गणेश चव्हाण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.