बिहार में हार के बाद UP में अलर्ट हुई कांग्रेस, कल दिल्ली में बैठक, इन मुद्दों पर बनेगी रणनीति

Nov 17, 2025 - 17:02
 0
बिहार में हार के बाद UP में अलर्ट हुई कांग्रेस, कल दिल्ली में बैठक, इन मुद्दों पर बनेगी रणनीति

बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अभी से कमर कस रही है.  इस संदर्भ में राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में यूपी इकाई के नेताओं की बैठक होगी. इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, यूपी इकाई के अध्यक्ष अजय राय, यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय समेत कई नेता शामिल होंगे.

कांग्रेस मुख्यालय में यह बैठक 18 नवंबर 2025, मंगलवार को दोपहर दो बजे से शुरू होगी. इस बैठक में यूपी में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी स्पेश इंटेंसिव रिविजन यानी एसआईआर  पर रणनीति बनने के आसार हैं.

एसआईआर के अलावा कांग्रेस की बैठक में वर्ष 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा. राज्य की विधानसभाओं में बूथ स्तर पर जो काम चल रहा है, उसका अपडेट और उनसे फीडबैक लिया जाएगा.

बता दें बिहार में 61 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस को सिर्फ 6 सीटें मिलीं. 2020 के चुनाव के मुकाबले उसकी 13 सीटें घट गईं. वहीं वोट प्रतिशत भी 10 फीसदी सम कम होकर 8.71 फीसदी रह गया.

यूपी में क्या है कांग्रेस की रणनीति?

बिहार में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल की अगुवाई वाले महागठबंधन में चुनाव लड़ रही थी. वहीं यूपी में संभावना है कि वह समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़े.

यूं तो अजय राय कई मौकों पर दावा कर चुके हैं कि उनकी पार्टी सभी विधानसभा सीटों के लिए तैयारी करेगी. हालांकि इन बयानों को सिर्फ सपा पर दबाव की रणनीति के तौर पर माना जा रहा है. लोकसभा चुनाव में सपा के साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं थीं. वहीं लोकसभा चुनाव के परिणामस्वरूप खाली हुईं विधानसभा सीटों के उपचुनाव में कांग्रेस ने भले ही एक सीट पर चुनाव नहीं लड़ा लेकिन वह पूरे मन से सपा के साथ लगी भी नहीं. 

वहीं विधानसभा चुनाव से पहले स्नातक सीटों के चुनाव में कांग्रेस अकेले लड़ने का फैसला कर चुकी है. इसके अलावा पंचायत चुनावों की रणनीति भी बन रही है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बिहार के सबक से यूपी कांग्रेस कितना सीखती है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.