पानीपत में फैक्ट्री कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस कर रही जांच
हरियाणा के पानीपत में फैक्ट्री कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, यह घटना मतलौडा थाना क्षेत्र में से सामने आई है. यहां फतेहाबाद जिले के सूली खेड़ा गांव के रहने वाले श्रमिक 35 वर्षीय राजेश की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वीरवार (गुरुवार) सुबह हैफेड गोदाम के पास उनका शव मिला. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
वहीं सूचना मिलने के बाद डीएसपी पानीपत, सीआईए और एफएसएल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल पर जांच की. युवक के शरीर पर पिटाई के निशान मिले. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी लाठी डंडों से पिटाई की गई है. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी.
गोदाम के पास मिला श्रमिक का शव
बताया गया कि मृतक मूल रूप से फतेहाबाद जिले के सूली खेड़ा गांव के रहने वाला था. वह काफी समय से पानीपत में मतलौडा क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों को भी इस मामले की सूचना दे दी गई है. गुरुवार सुबह हैंफड़ गोदाम के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया. जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
हाथ-पैर और चेहरे पर थे चोट के निशान
सूचना मिलते ही थाना मतलौडा पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतक की शिनाख्त राजेश के रूप में हुई. मृतक के हाथ, पैर और चेहरे पर चोट के निशान थे. पुलिस को हत्या की आशंका हुई. पुलिस ने शव को पलटकर देखा तो पीठ पर डंडे से बेरहमी से पिटाई के निशान दिखाई दिए. डीएसपी पानीपत आत्माराम भी सीआईए और एफएसएल टीमों के साथ मौके पर पहुंचे. घटना स्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव
वही, डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा. प्राथमिक तौर पर लग रहा है कि राजेश की हत्या की गई है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







