अजमेर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बवाल, पुलिस ने महिलाओं को बाल पकड़कर घसीटा
अजमेर जिले की केकड़ी नगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने बुधवार (13 अगस्त) को जयपुर रोड स्थित रामनगर कॉलोनी में सरकारी जमीन पर बने पक्के मकानों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया. अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण उनकी एक नहीं चली.
महिलाओं के खींचे बाल
इस दौरान पालिका की महिला कार्मिकों व महिला पुलिसकर्मियों की घरों में रहने वाली कुछ महिलाओं के बीच मारपीट भी हुई. महिलाएं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध कर रही थी और घर खाली करने को राजी नहीं थी. इस पर वहां मौजूद महिला सरकारी कर्मियों ने जोर जबरदस्ती के बीच उन्हें बाहर निकाला. उनके साथ बदसलूकी की. बाल खींचकर सड़क पर पटक दिया.
वीडियो में देखा जा रहा है कि उनके साथ मारपीट की गई और जबरन पुलिस वैन में भर दिया गया. महिलाओं के साथ मारपीट और बर्बरता के यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं.
युवकों को हिरासत में लिया
कार्रवाई के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया है. जानकारी के अनुसार जयपुर रोड पर सीपीएड कॉलेज के पास कुछ परिवारों ने नगर पालिका के भूखंडों पर अवैध कब्जा कर पक्के मकान बना लिए थे.
इनमें से कुछ मकान तो दो से तीन मंजिल तक ऊंचे थे. नगर पालिका प्रशासन ने इन लोगों को कई बार काम रोकने और निर्माण न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ. उल्टा अतिक्रमियों द्वारा अवैध निर्माण करने का क्रम लगातार जारी रहा.
बुधवार सुबह नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू कर दी. अपना घर उजड़ता देख कई अतिक्रमणकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया. लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण उनका विरोध शांत हो गया. इस दौरान नगर पालिका की महिला कर्मचारियों व कुछ महिलाओं के बीच जमकर विवाद हुआ.
पालिका प्रशासन के काम के तरीके पर उठाए सवाल
पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. लोगों का कहना था कि पालिका प्रशासन का यह तरीका सही नहीं है. जब निर्माण कार्य हुआ तभी पालिका को कार्रवाई करनी चाहिए थी. बरसों पहले बने मकानों को तोड़कर पालिका ने लोगों के सिर से छत छीनने का काम किया है. कार्रवाई के दौरान शहर थाना पुलिस, नगर पालिका स्टॉफ एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम के कार्मिक मौजूद रहे.
'नहीं जमा की किस्तें'
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मनोज मीणा ने बताया कि नगर पालिका ने रामनगर में कुछ भूखंडों की नीलामी की थी, लेकिन इनमें से कई लोगों ने किस्तें जमा नहीं कीं. वहीं कुछ लोगों ने पालिका के भूखंडों पर कब्जा करके उन्हें दूसरों को बेच दिया.
उन्होंने बताया कि इस तरह के कुल 12 अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया था, जिन पर पक्के निर्माण हो रखे थे. इन सभी को हटाने की कार्रवाई की जा रही है. यह सभी भूखण्ड बेशकीमती है. अतिक्रमण से मुक्त करवाने के बाद इन्हें नीलाम करने की कार्रवाई की जाएगी.
12 पक्के मकानों को तोड़ा
रामनगर में 12 पक्के अवैध अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया. पक्की दीवारों व लोहे के चद्दरो को जेसीबी मशीन से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पिछले काफी दिनों से लगातार नगर पालिका की और से अतिक्रमियों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के लिए भी किया गया था. लेकिन अतिक्रमियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







