Masaurhi Murder Case: राजधानी पटना से 35 किलोमीटर दूर जिले के मसौढ़ी स्थित राम जानकी मंदिर के पास बीते 17 जून को दिनदहाड़े एक 30 वर्षीय व्यापारी राजेश चौधरी की हत्या कर गदी गई थी. पुलिस ने इस मामले में 100 घंटे के अंदर बड़ा खुलासा कर दिया है. इस हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि खुद युवक की पत्नी ही है. इस हत्याकांड में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
राजेश चौधरी की हत्या में पत्नी का हाथ
पुलिस के मुताबिक पत्नी का राजेश चौधरी की हत्या में पूरी संलिप्तता रही है. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक पत्नी शूटर को सहयोग भी कर रही थी. इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को पटना के सीटीएसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्त राजेश चौधरी की पत्नी सहित चार लोगों को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने उस हथियार को भी बरामद किया है, जिससे राजेश चौधरी की गोली मारकर हत्या की गई थी. घटना की जानकारी देते हुए परिचय कुमार ने कहा कि मंगलवार के दिन 17 जून 2025 को दिनदहाड़े मसौढ़ी के राम जानकी मंदिर के नजदीक ठेला पर बर्फ बेचने वाले राजेश चौधरी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया था. उसी के अधार पर जांच आगे बढ़ी और मामले का खुलासा हुआ.
उन्होंने बताया कि हत्या के बाद राजेश चौधरी की पत्नी ममता देवी ने पटना के मसौढ़ी थाने में मामला दर्ज कराया था. उसमें कुंदन चौधरी, अनूप चौधरी, नीरज चौधरी, क्रांति देवी एवं मुन्नी देवी को नामजद आरोपी बनाया था. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण और सभी पहलुओं को गहराई से छानबीन की तो यह बात सामने आई कि राजेश चौधरी की पत्नी ममता देवी का उसी मोहल्ले के एक युवक लक्की कुमार से पिछले तीन-चार महीना से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
शूटर निशांत कुमार को दिए गए 20000
लक्की ने अपनी प्रेमिका के पति राजेश चौधरी को रास्ते से हटाने के लिए एक शूटर निशांत कुमार को 20000 देकर हत्या की साजिश रच डाली. इस हत्या में एक नाबालिग ने लाइनर का काम किया था. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि हत्याकांड में राजेश चौधरी की पत्नी के जरिए एक साजिश के तहत प्रेम प्रसंग को लेकर अपने पति को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा था.