सागर में जहरीली शराब से 11 की मौत, 85 भर्ती, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

Sep 7, 2026 - 10:53
 0
सागर में जहरीली शराब से 11 की मौत, 85 भर्ती, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा अनुविभाग में संदिग्ध जहरीली और अवैध शराब के कहर से मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है. वहीं, प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजियों का दौर भी जारी है.  बंडा के नौराज, गूगरा खुर्द और पाटन सहित आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई.

अलग-अलग रिपोर्टों में मृतकों की संख्या एक दर्जन से अधिक बताई गई है. जहरीली शराब के सेवल के कारण अब तक 11 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है, जबकि 85 लोगों का इलाज जारी है.

सागर में जहरीली शराब सप्लाई में सक्रिय था यूपी का रैकेट, 12 के खिलाफ FIR

85 मरीज भर्ती, 10 आरोपी हिरासत में

रिपोर्ट के अनुसार, करीब 85 पीड़ितो का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है. जहरीली शराब से बीमार पड़े लोगों में 59 बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में, 17 जिला चिकित्सालय में और 7 लोग बंडा सिविल हॉस्पिटल में भर्ती है. वहीं,  एक पीड़ित को एयरलिफ्ट से एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है. प्रशासनिक और मेडिकल जांच के बाद ही मौतों का अंतिम आधिकारिक आंकड़ा साफ हो सकेगा. पुलिस ने इस मामले में 20 के खिलाफ FIR दर्ज की है और 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है.

CM ने दिए जांच के आदेश

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और अन्य दोषियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. मध्यप्रदेश के आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने भी सागर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि नकली शराब के सेवन से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है.  

कई अधिकारी निलंबित, एक मुख्यालय अटैच

इस मामले में आबकारी विभाग की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी एवं उपायुक्त आबकारी नीरजा श्रीवास्तव को वर्तमान पद से हटा दिया है. इसके साथ ही मुख्यालय को भी अगले आदेश तक के लिए अटैच कर दिया गया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जानकारी सामने आई है कि सीएम यादव के आदेश पर सहायक आबकारी आयुक्त सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है. 

दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

पुलिस विभाग ने भी घटना के संबंध में लापरवाही के आरोप में बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा और गूगरा चौकी प्रभारी पूरन लाल लड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.  सरकार ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और विक्रय में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सात शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र की शराब दुकानों पर कार्रवाई की है. अलग-अलग प्रशासनिक अपडेट के अनसार, 6 से 7 शराब दुकानों को सील किए जाने की जानकारी सामने आई है. दुकानों से शराब के सैंपल लिए जा रहे हैं, जिनकी जांच के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि मौतों के पीछे वास्तव में जहरीली अथवा नकली शराब थी या कोई अन्य कारण. प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित गांवों में शराब के स्रोत और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही हैं. अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने ली जानकारी

उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने वरिष्ठ अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच, पीड़ितों के उपचार और राहत की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

नौराज और गूगरा खुर्द में मातम, घरों में चीख-पुकार

घटना के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में नौराज और गूगरा खुर्द में मातम का माहौल है. गांव की गलियों और चौपालों पर सन्नाटा पसरा है. ग्रामीणों के मुताबिक इलाके में अवैध देशी और कच्ची शराब की बिक्री लंबे समय से चिंता का विषय रही है. ग्राउंड जीरो से सामने आई जानकारी के अनुसार, गांव की गलियों में शराब की खाली बोतलें और क्वार्टर भी दिखाई दिए. भय और तनाव के कारण कई ग्रामीण कैमरे के सामने खुलकर बोलने से बचते नजर आए.

नौराज में दिग्विजय लोधी (28) और करतार लोधी (30) की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है. परिजनों के अनुसार, शराब पीने के कुछ समय बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ी और शरीर में अकड़न सहित गंभीर लक्षण दिखाई दिए. अस्पताल ले जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी.

रीवा में जिंदा मरीज को किया मृत घोषित, शव वाहन भी कर दिया बुक

BMC में मरीजों का उपचार, कई की हालत गंभीर

सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में प्रभावित गांवों से गंभीर हालत में मरीजों को भर्ती कराया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चंद्रभान लोधी (48), अजय लोधी (30) और राघवेंद्र लोधी सहित कई मरीजों का उपचार चल रहा है. कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रशासन द्वारा प्रभावित गांवों में शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है. 

बंडा में लाश रखकर चक्काजाम 

मौत से मचे हाहाकार से बंडा में जैसे-जैसे पोस्टमार्टम होकर मृतकों के शव पहुंचे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता गया. दोपहर बाद पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी सहित सैकड़ों लोगों ने सड़क पर लाश रखकर चक्काजाम किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्रशासन लगातार लोगों को दोषियों के खिलाफ एक्शन लेने क अश्वासन दे रहा है.

मौतों का वास्तविक कारण क्या है?

फिलहाल मौतों के पीछे जहरीली शराब को प्रमुख आशंका माना जा रहा है, लेकिन प्रशासनिक रूप से अंतिम कारण पोस्टमार्टम, मेडिकल जांच और शराब के सैंपलों की फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. घटना ने बंडा क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार को रोकने के लिए आबकारी और पुलिस विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. अब जांच का सबसे अहम पहलू यह होगा कि संदिग्ध शराब कहां से आई, इसे किसने तैयार या सप्लाई किया और पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे.

यूपी के ललितपुर से शराब सप्लाई का खुलासा

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात सामने आई है. पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

एसपी के अनुसार, पुलिस ललितपुर में भी इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसे बंडा क्षेत्र तक किन लोगों के माध्यम से पहुंचाया गया.

शराब नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब ललितपुर से बंडा तक शराब पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है. फिलहाल शराब के सैंपलों की जांच और पुलिस की विवेचना के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों के लिए जिम्मेदार शराब कहां तैयार हुई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.

वरिष्ठ अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से की मुलाकात

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे. अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.

उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना

पीड़ितो से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों के अनुसार शराब किसी दुकान, ढाबे और किराना दुकानों से मिलने की बात सामने आ रही है, जिससे इलाके में किसी बड़े रैकेट की आशंका पैदा होती है. सिंघार ने सरकार से पूछा कि शराब माफिया के खिलाफ पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई और इसमें किसी राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए.

उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए पर्याप्त मुआवजे और रोजगार की मांग करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को कम से कम 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जानी चाहिए. साथ ही आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की.

दिनभर बीजेपी-कांग्रेस नेताओं की रही आवाजाही

उधर बीजेपी सांसद लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया,शैलेन्द्र जैन,जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत और जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित अनेक नेता पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल जाना और सख्त कार्यवाही की बात कही.  इसी तरह कांग्रेस के पदाधिकारी पहुंचे.

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.