दिल्ली: वसंत कुंज में पति ने पत्नी को दिया तीन तलाक, दूसरी महिला के साथ संबंध होने की कही बात

May 28, 2025 - 11:33
 0
दिल्ली: वसंत कुंज में पति ने पत्नी को दिया तीन तलाक, दूसरी महिला के साथ संबंध होने की कही बात

Delhi Triple Talaq News: दिल्ली के वसंत कुंज इलाके से तीन तलाक से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है, जिसने राजधानी में हलचल मचा दी है. एक 34 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि तीन बार 'तलाक' बोलकर संबंध तोड़ दिए. महिला का आरोप है कि यह घटना उसके साथ पहले से चल रही घरेलू हिंसा की एक कड़ी है. यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और केस की जांच की जा रही है.

शादी के बाद से ही पति का रहा हिंसक व्यवहार- पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि वसंत कुंज (दक्षिण) थाने में इस मामले में FIR दर्ज की गई है. पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 12 अक्टूबर 2014 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. शादी के बाद से ही पति का व्यवहार हिंसक रहा है और कई बार वह उसके साथ मारपीट कर चुका है. यह हिंसा समय-समय पर होती रही लेकिन इस बार मामला गंभीर हो गया, जब पति 2 अज्ञात महिलाओं को लेकर उसके फ्लैट में घुस आया.

साजिश के तहत दिया गया तीन तलाक- पीड़िता
प्राथमिकी में दर्ज बयान के अनुसार, 26 मई को आरोपी पति दो महिलाओं के साथ फ्लैट में आया और महिला को धमकाने लगा. इसी दौरान उसने स्वीकार किया कि उसका एक महिला के साथ संबंध है और दूसरी महिला की मौजूदगी में उसने तीन बार 'तलाक' बोलकर शादी तोड़ने की घोषणा कर दी. पीड़िता का कहना है कि यह सब कुछ जान-बूझकर और साजिश के तहत किया गया. महिला ने डर और अपमान की भावना के साथ पुलिस से मदद मांगी और तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई.

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2) (जान-बूझकर चोट पहुंचाना), 351(3) (आपराधिक धमकी) और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है. जांच अधिकारी मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रहे हैं. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पति ने पहले से किसी महिला के साथ विवाह कर रखा है या नहीं. तीन तलाक कानून के तहत यह एक आपराधिक मामला है और दोषी पाए जाने पर आरोपी को जेल हो सकती है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.