स्पीकर विजेंद्र गुप्ता का ऐलान, 'दिल्ली विधानसभा में सावरकर, दयानंद सरस्वती और मदन मोहन मालवीय की..' AAP ने किया बवाल

May 22, 2025 - 09:59
 0
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता का ऐलान, 'दिल्ली विधानसभा में सावरकर, दयानंद सरस्वती और मदन मोहन मालवीय की..'  AAP ने किया बवाल

Delhi Politics: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा परिसर में जल्द ही वीर सावरकर, महर्षि दयानंद सरस्वती और पंडित मदन मोहन मालवीय की तस्वीरें लगाई जाएंगी. ये घोषणा बुधवार (21 मई) को गई है. 

यह फैसला जनरल पर्पजेस कमेटी की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता खुद स्पीकर ने की. पीटीआई के अनुसार कमेटी ने इन राष्ट्रनायकों को सम्मान देने के लिए प्रस्ताव पारित किया. गुप्ता के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया कि इन महापुरुषों की स्वतंत्रता संग्राम, समाज सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया.

इन महान विभूतियों की तस्वीरें लगाना उनके योगदान को श्रद्धांजलि- अभय वर्मा
इस प्रस्ताव को जनरल पर्पजेस कमेटी के सदस्य अभय वर्मा ने पेश किया था. उनका कहना था कि इन महान विभूतियों की तस्वीरें विधानसभा परिसर में लगाना उनके अद्वितीय योगदान को श्रद्धांजलि देने जैसा होगा. यह कदम भविष्य की पीढ़ियों को देशभक्ति, सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरणा देगा. गुप्ता ने भी कहा कि यह फैसला न केवल इन महापुरुषों का सम्मान करता है, बल्कि यह दिल्ली की जनता में राष्ट्रीय गर्व, सांस्कृतिक धरोहर और नागरिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने की विधानसभा की सामूहिक सोच को दर्शाता है.

सावित्रीबाई फुले की तस्वीर को अस्वीकारा गया- AAP
हालांकि, इस बैठक के बाद विवाद भी खड़ा हो गया. आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के विधायकों ने भी समिति की बैठक में माता सावित्रीबाई फुले की तस्वीर लगाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया. AAP विधायक कुलदीप कुमार ने दावा किया कि सीमापुरी विधायक वीर सिंह धिंगान और सीलमपुर के विधायक चौधरी जुबैर अहमद ने सावित्रीबाई फुले की तस्वीर लगाने का सुझाव रखा, लेकिन उसे पारित नहीं किया गया. कुमार ने BJP पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी BJP ने बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर हटाई थी और उसका हमेशा से महान व्यक्तित्वों का अपमान करने वाला रवैया रहा है.

AAP की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आतिशी ने भी एक्स पर BJP को महिला विरोधी, शिक्षा विरोधी और दलित विरोधी करार दिया. उन्होंने कहा कि BJP ने विपक्षी विधायकों के प्रस्ताव को जानबूझकर खारिज किया. हालांकि विधानसभा अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि AAP विधायकों ने कोई लिखित प्रस्ताव नहीं दिया और सिर्फ मौखिक रूप से बैठक में यह मांग उठाई. अधिकारियों ने कहा कि मीडिया में दिए गए भ्रामक बयानों को लेकर स्पीकर ने संज्ञान लिया है और इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.