'दिसंबर में IPL ऑक्शन होगा, CSK में कुछ खामियां हैं और उन्हें...', एमएस धोनी ने अपनी रिटायरमेंट को लेकर भी दिया संकेत

Aug 3, 2025 - 12:11
 0
'दिसंबर में IPL ऑक्शन होगा, CSK में कुछ खामियां हैं और उन्हें...', एमएस धोनी ने अपनी रिटायरमेंट को लेकर भी दिया संकेत

चेन्नई सुपर किंग्स का पिछला आईपीएल सीजन बहुत बुरा रहा. पहले ऋतुराज गायकवाड़ और फिर एमएस धोनी ने टीम की कमान संभाली लेकिन कुछ बदला नहीं, सीएसके अंक तालिका में सबसे नीचे रही. 14 लीग मैचों में से सिर्फ 4 में जीत मिली, 10 में हार. एमएस धोनी ने अपने ताजा बयान में माना कि उनकी टीम में कुछ खामियां थी, जिन्हे सीएसके ने पहचाना. उन्होंने कहा कि आगामी संस्करण के लिए होने वाले ऑक्शन में उनकी टीम उन खामियों को दूर करने की कोशिश करेगी. उन्होंने अपनी फिटनेस को लेकर भी बात की.

एमएस धोनी ने मैक्सीविजन सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल्स के उद्घाटन के मौके पर आईपीएल को लेकर बात की. स्पोर्टस्टार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने क्या कहा. धोनी ने कहा, "कुछ कमियां थी, जिन्हे हमें दूर करना था. हम अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर चिंतित थे, लेकिन अब मुझे लगता है कि सीएसके का बल्लेबाजी क्रम काफी व्यवस्थित है. ऋतुराज गायकवाड़ भी वापस आएंगे तो हम काफी हद तक व्यवस्थित हैं."

दिसंबर में होगा IPL 2026 मिनी ऑक्शन

एमएस धोनी ने कहा, "मुझे लगता है कि हम अधिकतर बार ये पता लगाने में सफल रहे हैं कि आखिर क्या गलती हुई. दिसंबर में आईपीएल का मिनी ऑक्शन होगा, कुछ खामियां हैं और हम उन्हें दूर करने की कोशिश करेंगे. आपको टूर्नामेंट की शुरुआत में ही अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा, ऐसी योजना बनानी होगी. आपको संसाधनों को बेहतर तरीके से उपयोग करना होगा. हम अधिकतर चीजों को सुलझाने और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे."

मैं 5 साल तक क्रिकेट खेल सकता हूं लेकिन- एमएस धोनी

पिछले 4-5 सीजन से एमएस धोनी के आईपीएल से रिटायरमेंट को लेकर अटकलें बनी रही. लेकिन 2020 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके माही अभी भी काफी फिट हैं और टूर्नामेंट में खेल रहे हैं. उन्होंने अपनी फिटनेस पर बात करते हुए चुटकी लेते हुए कहा कि वो अगले 5 साल तक और क्रिकेट खेल सकते हैं.

इस रिपोर्ट में धोनी के हवाले से कहा गया, "मुझे अभी-अभी एक टिक मार्क मिला है कि मैं अगले 5 साल तक क्रिकेट खेल सकता हूं. लेकिन समस्या यह है कि मुझे सिर्फ़ आंखों की रोशनी के लिए ही अनुमति मिली है. मुझे अपने शरीर के लिए भी अनुमति चाहिए. मैं सिर्फ़ आंखों से क्रिकेट नहीं खेल सकता."

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.