'श्रीसंत की बेटी ने मुझसे जो कहा उससे मैं टूट गया...', हरभजन सिंह ने अश्विन के शो पर किया खुलासा

Jul 21, 2025 - 11:45
 0
'श्रीसंत की बेटी ने मुझसे जो कहा उससे मैं टूट गया...', हरभजन सिंह ने अश्विन के शो पर किया खुलासा

भारत के 2 पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच आईपीएल 2008 में एक मैच के बाद विवाद हो गया था, दोनों के बीच बहस हुई और फिर श्रीसंत को रोते हुए देखा गया. बाद में पता चला कि हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ मारे हैं. उस समय श्रीसंत पंजाब किंग्स और भज्जी मुंबई इंडियंस टीम में शामिल थे. उस थप्पड़ कांड पर काफी विवाद हुआ था. भज्जी ने आर अश्विन के साथ इंटरव्यू में खुलासा किया है कि इस घटना के बाद श्रीसंत की बेटी जब उनसे मिली तो उन्होंने बात करने से मना कर दिया. इससे वह काफी टूट गए थे.

हरभजन सिंह ने कहा कि वह अपनी जिंदगी से एक चीज बदलना चाहें तो वो ये थप्पड़ कांड होगा, क्योंकि श्रीसंत से और उनकी बेटी से कई बार माफ़ी मांगने के बावजूद इसे ठीक नहीं किया जा सकता. बता दें कि मोहाली में मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स मैच के बाद हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ मारा था. तब की रिपोर्ट में ये दावा किया गया था कि मैच हारने के बाद श्रीसंत भज्जी को चिढ़ा रहे थे, इस पर हरभजन ने अपना आप खो दिया. अब दोनों क्रिकेटर्स इसे भुलाकर आगे बढ़ चुके हैं लेकिन भज्जी को ये घटना अभी भी परेशान करती है.

आर अश्विन के यूट्यूब शो में हरभजन सिंह ने कहा, "मेरी जिंदगी से एक चीज मिटाना चाहता हूं, वो श्रीसंथ के साथ हुई घटना. जो हुआ वो गलत था और मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए. मैंने 200 बार माफ़ी मांगी, उस मैच में हम एक दूसरे के खिलाफ खेल रहे थे लेकिन ये उस स्तर तक नहीं जाना चाहिए था कि हम ऐसा व्यवहार करें. उसकी सिर्फ एक गलती थी कि मुझे उकसाया, लेकिन वह ठीक है लेकिन इसके बाद मैंने जो किया वो ठीक नहीं था."

जब श्रीसंत की बेटी से मिले हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ने कहा, "मुझे इसको लेकर सबसे ज्यादा चोट तब पहुंची जब मैं श्रीसंत की बेटी से मिला. मैं उससे बहुत प्यार से बात कर रहा था और उसने कहा कि मैं आपसे बात नहीं करना चाहती. आपने मेरे पापा को मारा था. ये सुनकर मैं टूट गया था और मेरे आंसू निकलने वाले थे. मैं खुद से सवाल कर रहा था कि मैंने उसपर क्या छाप छोड़ी? वह मुझे बुरे इंसान के रूप में सोचती होगी ना? वह मुझे उस इंसान के रूप में जानती है, जिसने उसके पापा को थप्पड़ मारा."

हरभजन ने आगे कहा, "मुझे बहुत बुरा लगा. अभी भी मैं उनकी बेटी से माफ़ी मांगता हूँ कि मैं कुछ नहीं कर सकता. मैं उससे कहता हूं कि मुझे बताओ कि मैं क्या कर सकता हूं जिससे तुम्हे अच्छा लगे और तुम्हे एहसास हो कि मैं ऐसा इंसान नहीं हूं. मैं चाहता हूं कि जब श्रीसंत की बेटी बड़ी हो जाए तो मुझे इस नजर से ना देखें."

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.