राजस्थान के बाड़मेर में परिवार का खौफनाक अंत, बेटे का बेटी की तरह किया शृंगार, फिर टैंक में कूदकर दे दी जान

Jul 3, 2025 - 19:07
 0
राजस्थान के बाड़मेर में परिवार का खौफनाक अंत, बेटे का बेटी की तरह किया शृंगार, फिर टैंक में कूदकर दे दी जान

Rajasthan Suicide News: राजस्थान के बाड़मेर में पति-पत्नी ने सामूहिक सुसाइड से पहले छोटे बेटे का बेटी की तरह शृंगार किया था. मां ने उसे चुनरी ओढ़ाई, काजल लगाया और अपनी सोने की ज्वेलरी पहनाई थी. बच्चा बेहद खुश था तो उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाला.

इसके बाद मां-बाप ने उसका शृंगार उतारा और घर से 20 मीटर दूर बने पानी के टैंक में कूदकर अपने बच्चों (बेटों) के साथ सुसाइड कर लिया. वजह थी, छोटे भाई से प्रॉपर्टी विवाद. पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट मिला. इसमें लिखा है, हमारा अंतिम संस्कार घर के आगे किया जाए, क्योंकि यही विवाद की वजह है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

सुसाइड नोट में मौत का जिम्मेदार छोटे भाई को बताया गया है. जमीन के लिए परेशान करने का आरोप लगाया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. CI सत्यप्रकाश ने बताया, मंगलवार रात 8 बजे सूचना मिली कि उण्डू गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों ने पानी के टैंक (टांके) में कूदकर सुसाइड कर लिया है.

इनकी पहचान शिवलाल (35) पुत्र नगाराम निवासी उण्डू, पत्नी कविता (32), बेटे बजरंग (9) और रामदेव (8) के रूप में हुई. शिव थाना पुलिस और रामसर DSP मानाराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पूछताछ में सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया. शिवलाल के घर की तलाशी लेने पर एक कमरे में 2 पेज का सुसाइड नोट मिला. 

पारिवारिक विवाद के कारण सुसाइड कर लिया

CI ने बताया, शिवलाल जयपुर में हैंडीक्राफ्ट का काम करता था. वहीं उसका छोटा भाई मांगीलाल बाड़मेर में टेंट हाउस का काम करता है. पिता पूजा-पाठ के काम से जुड़े हैं. सरकारी स्कीम में उण्डू गांव में ही शिवलाल-मांगीलाल की मां कमला के नाम पर पुश्तैनी मकान के सामने ही एक मकान निकला था.

शिवलाल चाहता था, पुश्तैनी मकान छोटे भाई को दे दिया जाए जबकि मां के नाम निकला मकान वह रख लेगा. लेकिन, मां और भाई मांगीलाल ऐसा नहीं चाहते थे. मां छोटे भाई के पक्ष में ज्यादा रहती थी, जबकि पिता नगाराम दोनों भाइयों को बराबर रखते थे. पारिवारिक विवाद के कारण शिवलाल ने पत्नी और बच्चों सहित सुसाइड कर लिया.

3 दिन पहले ही सुसाइड नोट लिख दिया था

पुलिस के अनुसार, शिवलाल ने 3 दिन पहले ही सुसाइड नोट लिख दिया था. सुसाइड नोट पर 29 जून की तारीख लिखी है. इसके बाद 1 जुलाई को दोपहर 12 बजे सोशल मीडिया पर बच्चों को गहने पहना कर बेटियों की तरह तैयार किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाला.

1 जुलाई को रात 8 बजे पड़ोसियों ने सुसाइड की सूचना दी. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पिता नगाराम पूजा-पाठ के काम से घर से बाहर गए हुए थे. घर पर शिवलाल, बहू कविता और 2 पोते रामदेव और बजरंग थे. दिन में बाड़मेर से शिवलाल के छोटे भाई मांगीलाल ने कई बार फोन किए, लेकिन किसी ने उठाया नहीं. इस पर मांगीलाल ने पड़ोस में रहने वाले लोगों को फोन कर घर भेजा.

पति-पत्नी के बीच कोई मनमुटाव या विवाद नहीं था

दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जब उनके घर पर पड़ोसी गया तो घर पर ताला लगा था. आसपास भी कोई नहीं था. देर शाम तक कोई नजर नहीं आया तो पड़ोसी फिर से घर की तरफ गए. इस दौरान टैंक में नजर पड़ी तो चारों के शव नजर आए. कविता के चाचा गोपीलाल ने बताया, शिवलाल और कविता की 13 साल पहले शादी हुई थी. पति-पत्नी के बीच कोई मनमुटाव या विवाद नहीं था.

चाचा बताया, भाई और उसकी पत्नी से प्रताड़ित और परेशान होकर उसने सुसाइड किया है. उसको कोई सहारा नहीं मिला तब उसने यह कदम उठाया है. शिवलाल की मां बाड़मेर शहर में रहने वाले मांगीलाल के पास चली गई थी. तब मां और उसके बीच कोई बोलचाल या लड़ाई झगड़ा हुआ होगा.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.