'जो अपने पिता का नहीं वो किसी और का कैसे?' अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का बड़ा हमला

May 28, 2025 - 11:33
 0
'जो अपने पिता का नहीं वो किसी और का कैसे?' अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का बड़ा हमला

UP Politics: यूपी की राजनीति में अक्सर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में  पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बेहद तीखा बयान दिया है. राजभर ने कहा कि जो अपने बाप का नहीं हुआ वो किसी और का क्या होगा. ओम प्रकाश राजभर ने ये बयान आजमगढ़ में पार्टी की समीक्षा बैठक के दौरान दिया.

यही नहीं राजभर ने सपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी पर मुस्लिम वोटों के लिए नफरत फैलाने का आरोप लगाया और पंचायत चुनाव में अकेले उतरने का ऐलान किया.

सपा को लेकर बेहद तल्ख़

दरअसल हरिऔध कला भवन में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक थी. जिसमें ओमप्रकाश राजभर सपा को लेकर बेहद नाराज दिखे. उन्होंने सपा नेता अखिलेश यादव और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति केवल बीजेपी को बदनाम करने तक सीमित है. राजभर ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के डीएनए पर सपा के हमलों का जवाब देते हुए कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप होते हैं लेकिन इतनी गिरावट नहीं होनी चाहिए. फिर बोले कि जो अपने बाप का नहीं हुआ वह किसी का नहीं हो सकता. यही नहीं राजभर ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव की सरकार थी, तब 86 में से 56 एसडीएम यादव बनाए गए थे. जो किसी ने छिपा नहीं है कि उनकी सरकार में क्या होता था.

पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी सुभासपा

आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी आगामी पंचायत चुनाव में एनडीए के साथ गठबंधन नहीं करेगी, खुद अपने दम पर लड़ेगी. बोले कि गठबंधन में पर्याप्त सीटें नहीं मिलेंगी, इसलिए हम पंचायत चुनाव अलग लड़ेंगे. हमारे कार्यकर्ताओं को पूरा मौका मिलना चाहिए. जबकि आगामी विधानसभा और लोकसभा NDA में ही रहकर लड़ने की बात कही.  

ऑपरेशन सिंदूर और विपक्ष की आलोचना

हालिया ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि इस ऑपरेशन ने हमें अपनी सेना पर गर्व करने का मौका दिया है. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तान में 100 किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया, जिसका सबूत पाकिस्तान खुद दे रहा है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत का राशन लेते हैं और विदेश में जाकर देश की खिलाफत करते हैं.

मुस्लिमों को गुमराह करने का आरोप

ओमप्रकाश राजभर ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर मुस्लिम समुदाय को CAA और NRC जैसे मुद्दों पर गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि शाहीन बाग आंदोलन के बावजूद पिछले दो सालों में किसी की नागरिकता नहीं छीनी गई. वक्फ संशोधन बिल को मुस्लिम समुदाय के हित में बताया. उन्होंने कहा कि यह बिल गरीब मुस्लिमों को लाभ पहुंचाएगा, जबकि अमीर लोग जो वक्फ बोर्ड की संपत्ति बेचकर मालामाल होते थे वे अब परेशान हैं. यही नहीं राजभर ने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत पहली बार 51 मुस्लिम बच्चे IAS बने हैं, जो बीजेपी की समावेशी नीतियों का सबूत है.

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी

ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की बात कही. उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सुभासपा का लक्ष्य है कि अपने वोटों से खुद को मजबूत किया जाए, न कि दूसरों को. इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.