BMC चुनाव के सीट बंटवारे को लेकर एकनाथ शिंदे और BJP आमने-सामने, आज की बैठक में होगा तय

Dec 16, 2025 - 12:57
 0
BMC चुनाव के सीट बंटवारे को लेकर एकनाथ शिंदे और BJP आमने-सामने, आज की बैठक में होगा तय

महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों का ऐलान होते ही राजनीति में हलचल तेज हो गई है. मुंबई और ठाणे जैसे बड़े महानगरों में सत्ताधारी और विपक्षी दल रणनीति बनाने में जुट गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम का केंद्र सीट बंटवारा, गठबंधन की मजबूती और चुनावी तैयारी है. खास तौर पर मुंबई में शिवसेना शिंदे गुट और बीजेपी के बीच होने वाली पहली बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है. चुनावी बिगुल बजते ही सभी दल एक्शन मोड में आ गए हैं और लगातार बैठकों का दौर शुरू हो चुका है.

मुंबई में शिवसेना शिंदे गुट और बीजेपी की पहली बैठक

मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर शिवसेना शिंदे गुट और बीजेपी के बीच सीट बंटवारे पर पहली औपचारिक बैठक होने जा रही है. इस बैठक में शिवसेना की ओर से मंत्री उदय सामंत, पूर्व सांसद राहुल शेवाळे और राज्यमंत्री योगेश कदम शामिल होंगे. वहीं बीजेपी की तरफ से मंत्री आशिष शेलार, मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, विधायक प्रविण दरेकर और अतुल भातखळकर मौजूद रहेंगे. 

शिवसेना की ओर से बातचीत की शुरुआत 50-50 फार्मूले के साथ की जाएगी. शिवसेना के पास 2012 और 2017 को मिलाकर कुल 125 पूर्व पार्षद रहे हैं, जबकि बीजेपी ने 2017 के चुनाव में अपने दम पर 82 पार्षद जिताए थे. इस बार बीजेपी ने 100 के पार जाने का नारा दिया है. दूसरी ओर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे गठबंधन में बने रहेंगे.

ठाणे में एकनाथ शिंदे एक्शन मोड में, बड़ी बैठक आज

ठाणे महानगरपालिका चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज ठाणे के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे. इस बैठक में सभी पुराने हेड्स, डिपार्टमेंट हेड्स, ब्रांच हेड्स, विधायक, सांसद और पूर्व कॉर्पोरेटर्स को चुनावी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे. कल मुंबई समेत ठाणे के चुनावों का ऐलान होने के बाद से ही एकनाथ शिंदे पूरी तरह एक्शन मोड में हैं. 

चूंकि ठाणे में बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा जाएगा, इसलिए सीट बंटवारे, कैंपेनिंग, बड़ी जनसभाओं और इच्छुक उम्मीदवारों को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं. आज शाम ठाणे के टिप टॉप प्लाजा में यह बैठक बुलाई गई है, जिसे चुनावी तैयारी का शुरुआती रोडमैप माना जा रहा है.

महायुति के बाद कांग्रेस और बीजेपी की भी बैठकों का दौर

महायुति की बैठकों के बाद अब कांग्रेस ने भी महानगरपालिका चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है. नगर निगम क्षेत्रों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों की बैठक आज मंगलवार 16 दिसंबर को दोपहर 1 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की अध्यक्षता में होगी. 

वहीं बीएमसी चुनाव के लिए बीजेपी ने घटक दलों के साथ पहले दौर की बातचीत शुरू कर दी है. बीजेपी, शिवसेना और आरपीआई आठवले के साथ चर्चा करेगी, जो महायुति की घटक पार्टियां हैं. दोपहर 12 बजे बीजेपी और आरपीआई के बीच बैठक होगी, इसके बाद दोपहर 2 बजे बीजेपी और शिवसेना के बीच पहले दौर की बातचीत होगी. ये सभी बैठकें दादर स्थित वसंत स्मृति कार्यालय में आयोजित की जाएंगी, जहां से गठबंधन की चुनावी दिशा तय होगी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.