India Under 19: पिता हैं ट्रक ड्राइवर, क्रिकेटर बेटे ने मचाया इंग्लैंड में तहलका, हर तरफ हो रही चर्चा

Jun 26, 2025 - 12:01
 0
India Under 19: पिता हैं ट्रक ड्राइवर, क्रिकेटर बेटे ने मचाया इंग्लैंड में तहलका, हर तरफ हो रही चर्चा

India Under 19 : जब सीनियर भारतीय टीम लीड्स में इंग्लैंड से पहला टेस्ट 5 विकेट से हार रही थी, तभी भारत की युवा ब्रिगेड इंग्लैंड की सरजमीं पर जीत का परचम लहरा रही थी. अंडर-19 भारतीय टीम ने इंग्लैंड यंग लॉयन्स को 231 रन से हराकर मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की, और इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे अंडर 19 टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज हरवंश पंगालिया. हरवंश के पिता एक ट्रक ड्राइवर हैं जो कच्छ, गुजरात के गांधीधाम के रहने वाले हैं. 

IPL स्टार्स की चमक पड़ी फीकी

भारतीय अंडर 19 और इंग्लैंड यंग लॉयन्स के बीच का यह मुकाबला इंग्लैंड के लफबरो में खेला गया. इस वनडे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 442 रन का विशाल स्कोर इंग्लैंड लॉयंस के सामने खड़ा कर दिया. कप्तान आयुष म्हात्रे 1 रन और हाल ही में IPL में धमाल मचाने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.आईपीएल के ये स्टार्स इंग्लैंड की पिच पर जहां फ्लॉप होते नजर आए वहीं इसी मैच में हरवंश पंगालिया ने 52 गेंदों में नाबाद 103 रन ठोककर सबका ध्यान खींच लिया.

हरवंश की तूफानी पारी

हरवंश की 103 रनों की शतकीय पारी में 8 चौके और 9 छक्के शामिल थे. उनकी बल्लेबाजी ने इंग्लैंड के गेंदबाजो को ऐसा झटका दिया कि वे मैच में वापसी की सोच भी नहीं सके. हरवंश ने सिर्फ बल्ले से ही  नहीं,आत्मविश्वास और दबाव में चमकने की काबिलियत से साबित कर दिया कि भारत का भविष्य IPL सितारों से कहीं ज्यादा गहराई में छिपा है.

टीम के लिए हरवंश के अलावा राहुल कुमार ने 73, कनिष्क चौहान ने 79 और आरएस अंबरीश ने 72 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं. गेंदबाजी में भी दीपेश देवेन्द्रन ने 3 विकेट झटके, जबकि नमन पुष्पक और विहान मल्होत्रा ने 2-2 विकेट लेकर इंग्लैंड यंग लॉयन्स को 211 रन पर ऑलआउट कर दिया.

हरवंश की कहानी मैदान के बाहर भी है प्रेरणादायक

18 वर्षीय हरवंश की क्रिकेट की कहानी सिर्फ मैदान पर ही नहीं, मैदान के बाहर भी उतनी ही प्रेरणादायक है. नीलकंठ क्रिकेट अकादमी में कोच नकुल अयाची के मार्गदर्शन में तैयार हुए हरवंश का परिवार अब कनाडा के ब्रैम्पटन में रहता है, जहां उनके पिता एक ट्रक ड्राइवर हैं. उनके बेटे हरवंश का सपना है कि वो भारत की नीली जर्सी पहनकर टीम के लिए खेल सके और वो अब हरवंश अपने सपने को सच करने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Barwara Patrika Barwara Patrika is a Hindi newspaper published and circulated in Jaipur , Ajmer , Sikar, Kota and Sawaimadhopur . Barwara Patrika covers news and events all over from India as well as international news, it serves the Indian community by providing relevant information.